भक्ति के रंग में रंगे भोजपुरी स्टार प्रदीप पांडे ने महाकाल के दरबार में किया दर्शन
प्रदीप पांडे की महाकाल यात्रा
उज्जैन, 13 मई। भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता प्रदीप पांडे, जिन्हें 'चिंटू' के नाम से जाना जाता है, ने हाल ही में उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन किए। पर्दे पर रोमांस, एक्शन और इमोशनल किरदार निभाने वाले प्रदीप असल जिंदगी में आध्यात्मिकता और भक्ति के प्रति गहरा लगाव रखते हैं।
उज्जैन पहुंचने पर, प्रदीप ने बाबा महाकाल के दरबार में श्रद्धा के साथ माथा टेका और मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की।
दर्शन के बाद, उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, ''यह मेरी पहली महाकाल यात्रा थी और यह अनुभव मेरे जीवन के सबसे खास पलों में से एक बन गया है। भस्म आरती का दृश्य इतना अद्भुत और अलौकिक था कि उसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। मैं यह दिव्य नजारा जिंदगी भर नहीं भूल पाऊंगा। सुबह के समय मंदिर में मौजूद भक्तों की आस्था, मंत्रोच्चार और पूरे वातावरण में फैली भक्ति ने मेरे मन को गहराई से छू लिया।''
महाकाल मंदिर में भस्म आरती का विशेष महत्व है, और हर साल लाखों श्रद्धालु इस दिव्य आरती का हिस्सा बनने के लिए उज्जैन आते हैं। केवल आम भक्त ही नहीं, बल्कि फिल्म और टीवी जगत के कई बड़े सितारे भी बाबा महाकाल के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं।
हाल ही में, अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ और डिंपल कपाड़िया ने भी बाबा महाकाल के दर्शन किए थे। इसके अलावा, शिल्पा शेट्टी अपनी बहन शमिता शेट्टी के साथ शयन आरती में शामिल हुई थीं। किंजल दवे, मोनल गज्जर और उल्का गुप्ता भी भस्म आरती में शामिल होकर बाबा का आशीर्वाद ले चुकी हैं। हाल ही में, तमन्ना भाटिया ने भी भस्म आरती में बाबा महाकाल के दर्शन किए।
प्रदीप पांडे 'चिंटू' ने अपने करियर की शुरुआत 2009 में भोजपुरी फिल्म 'दिवाना' से की थी, जिसमें उनके साथ दिनेश लाल यादव और पाखी हेगडे नजर आए थे। इस फिल्म के लिए उन्हें ज्यूरी मेंशन अवॉर्ड भी मिला था।
इसके बाद, उन्होंने 'सात सहेलियां', 'देवर बड़ा सतावेला', 'ट्रक ड्राइवर', 'जीना तेरी गली में', 'दुलारा', 'दुल्हन चाहिए पाकिस्तान से', 'रंगीला' और 'मेहंदी लगा के रखना 2' जैसी कई सफल फिल्मों में काम किया। आज, वह भोजपुरी इंडस्ट्री के शीर्ष अभिनेताओं में से एक माने जाते हैं।