बॉलीवुड के दिग्गज विक्रम भट्ट बने नाना, बेटी ने दिया बेटे को जन्म!
विक्रम भट्ट के परिवार में आई खुशियों की लहर
मुंबई, 12 मई। प्रसिद्ध बॉलीवुड निर्देशक विक्रम भट्ट के घर में खुशियों का नया अध्याय शुरू हुआ है। उनकी बेटी कृष्णा भट्ट ने हाल ही में एक बेटे को जन्म दिया है। चिकित्सकों के अनुसार, मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। इस खुशी के मौके पर विक्रम भट्ट ने कहा कि यह वर्ष उनके लिए कई उतार-चढ़ाव से भरा रहा, लेकिन अब उन्हें सबसे बड़ी खुशी मिली है।
विक्रम भट्ट ने एक बातचीत में कहा, ''मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि बच्चा स्वस्थ है।''
उन्होंने मजाक में कहा, ''अभी बच्चा स्वस्थ है, लेकिन समझदारी में उसे थोड़ा समय लगेगा।''
इस दौरान, विक्रम भट्ट ने अपनी बेटी कृष्णा से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि कृष्णा अपनी आगामी फिल्म 'हॉन्टेड 3डी' को लेकर इतनी गंभीर थीं कि डिलीवरी के समय भी उनका ध्यान फिल्म पर था। ऑपरेशन थिएटर में जाने से पहले, उन्होंने फिल्म के काम के बारे में चर्चा की और कहा कि पुलिस स्टेशन के बैकग्राउंड्स उनके फोन में हैं और उन्हें संभाल लेना।
विक्रम ने अपनी बेटी को आश्वस्त किया कि वह सब संभाल लेंगे। उन्होंने कहा, ''मैं लंबे समय से निर्देशक हूं और मुझे काम का पूरा अनुभव है, इसलिए आप चिंता मत करो।''
कृष्णा भट्ट ने 11 जून 2023 को बिजनेसमैन वेदांत सारदा से शादी की थी और दोनों अपनी निजी जिंदगी को काफी गोपनीय रखना पसंद करते हैं।
वहीं, विक्रम भट्ट की फिल्म 'हॉन्टेड 3डी' भी चर्चा का विषय बनी हुई है। इस फिल्म में मिमोह चक्रवर्ती, चेतना पांडे, श्रुति प्रकाश, गौरव बाजपेयी, प्रणीत भट्ट और हेमंत पांडे जैसे कलाकार नजर आएंगे। इसे नई 3डी तकनीक के साथ तैयार किया गया है, जिससे दर्शकों को एक डरावना अनुभव मिलेगा।
'हॉन्टेड 3डी' फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।