बादशाह और श्रेया घोषाल का नया गाना 'महिया': एक रोमांटिक सफर की शुरुआत
बादशाह और श्रेया घोषाल का पहला सहयोग
मुंबई, 04 नवंबर (वेब वार्ता)। प्रसिद्ध रैपर बादशाह और मशहूर गायिका श्रेया घोषाल ने हाल ही में एक नया रोमांटिक ट्रैक 'महिया' लॉन्च किया है। यह उनके बीच का पहला आधिकारिक सहयोग है, जिसे लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है।
इस गाने के बोल बादशाह ने खुद लिखे हैं, जबकि संगीत का निर्माण हितेन ने किया है। श्रेया की मधुर आवाज और बादशाह के मेलोडिक रैप का यह अनोखा संयोजन है। गाने के म्यूजिक वीडियो में प्रसिद्ध अभिनेत्री और सोशल मीडिया स्टार अवनीत कौर भी नजर आ रही हैं।
बादशाह ने इसे दो अलग-अलग संगीत की दुनिया का संगम और एक खूबसूरत प्रेम कहानी बताया है। उन्होंने कहा, “श्रेयाजी रोमांटिक गानों की रानी हैं। इंडियन आइडल के सेट पर हमारी दोस्ती हमेशा मजबूत रही है, लेकिन उस ऊर्जा को स्टूडियो में लाना एक अलग अनुभव था।”
बादशाह ने आगे कहा, “‘महिया’ एक ऐसा गाना है, जिसमें चाहत, प्यार और जश्न का अद्भुत मिश्रण है। यह गाना हर किसी के दिल में बस जाएगा और सुनने पर ऐसा लगेगा कि दो अलग-अलग संगीत की दुनिया के लोग एक साथ मिलकर एक प्रेम कहानी बयां कर रहे हैं।”
श्रेयाने इस गाने के बारे में कहा, “बादशाह और मैंने जजिंग करते समय कई शानदार पल साझा किए हैं, लेकिन एक साथ गाने पर काम करना काफी समय बाद हुआ है। बादशाह ने 'महिया' में एक नया और ताजा दृष्टिकोण पेश किया है। इस गाने में गहरी भावनाओं को आधुनिक संगीत के साथ खूबसूरती से मिलाया गया है और मुझे लगता है कि फैंस को उनका अंदाज बहुत पसंद आएगा।”
अवनीत कौर ने गाने का हिस्सा बनने को 'एक सपने के सच होने जैसा' बताया। उन्होंने कहा, “मैं श्रेया मैम के गाने सुनते हुए बड़ी हुई हूं और सालों से बादशाह भाई के म्यूजिक का अनुसरण कर रही हूं, इसलिए इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद खास है। मैं उत्सुकता से इंतजार कर रही हूं कि दर्शक 'महिया' को देखें और उस प्यार और भावनाओं से जुड़ें, जिसे हमने इसमें लाने की कोशिश की है। मुझे उम्मीद है कि यह गाना लोगों के दिलों में जगह बनाएगा और उनकी अपनी प्रेम कहानी का हिस्सा बनेगा।”
गाने के वीडियो को प्रसिद्ध कोरियोग्राफर जोड़ी पीयूष-शाजिया ने कोरियोग्राफ किया है।