बंगाल चुनाव में बीजेपी की जीत पर सितारों की खुशी, जानें किसने क्या कहा!
मनोरंजन जगत में बीजेपी की जीत का जश्न
मुंबई, 4 मई। पश्चिम बंगाल चुनाव के परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभावशाली प्रदर्शन ने देशभर में उत्साह का माहौल बना दिया है। इस खुशी में मनोरंजन उद्योग के कई सितारे भी शामिल हो गए हैं। अभिनेत्री हेमा मालिनी, फिल्म निर्देशक अशोक पंडित और मशहूर गीतकार मनोज मुंतशिर ने बीजेपी की इस सफलता पर अपनी खुशी व्यक्त की।
हेमा मालिनी, जो मथुरा से सांसद हैं, ने इंस्टाग्राम पर बीजेपी के झंडे की तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा, "बंगाल में बीजेपी की जीत से मैं अत्यंत खुश हूं। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह जी की मेहनत और योजनाएं सफल हुईं। मुझे गर्व है कि मैं इस चुनाव प्रचार का हिस्सा रही, जिसने बीजेपी को टीएमसी के खिलाफ बड़ी जीत दिलाई। यह लोकतंत्र की एक बड़ी जीत है, जो जनता की जागरूकता से संभव हुई। सभी विजेताओं को मेरी हार्दिक बधाई।"
मनोज मुंतिशर ने इंस्टाग्राम पर भगवा ध्वज की एक छोटी वीडियो साझा करते हुए कहा, "जनता और ममता की लड़ाई में आज जनता ने जीत हासिल की। बंगाल ने हम पर विश्वास किया है, और हमारा भगवा ध्वज बंगालियों को आश्वासन देता है कि अब वहां हिंदू सुरक्षित रहेंगे। अब रामनवमी और दुर्गा पूजा के पंडालों पर पत्थरबाजी नहीं होगी। सभी बंगाली भाई-बहनों को भगवा शुभकामनाएं। जय हिंदुत्व, जय हिंद।"
फिल्म निर्देशक अशोक पंडित ने भी इंस्टाग्राम पर अपनी खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा, "बंगाल अब फिर से मजबूत, सुरक्षित और एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है। अब किसी को भी डर के कारण अपना घर छोड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हिंसा या अन्याय का कोई स्थान नहीं होगा। कानून-व्यवस्था का पालन सख्ती से किया जाएगा। लोग अब अपने घरों में बिना डर के रह सकेंगे। बंगाल एकजुट होकर मजबूत खड़ा होगा। वहां बाहरी हस्तक्षेप या विभाजन नहीं होगा। बंगाल केवल भारत के प्रति जवाबदेह रहेगा। यहां मानवता, न्याय और भारतीय मूल्यों का नया अध्याय शुरू हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद, जिन्होंने इसे संभव बनाया।"