×

फरहान अख्तर ने शहीद मेजर शैतान सिंह भाटी को दी श्रद्धांजलि, जानें उनकी बहादुरी की कहानी

फरहान अख्तर ने शहीद मेजर शैतान सिंह भाटी को उनकी 101वीं जयंती पर याद किया और 1962 के भारत-चीन युद्ध में उनकी बहादुरी को सलाम किया। अभिनेता ने अपनी फिल्म '120 बहादुर' में मेजर का किरदार निभाया है, जो हाल ही में रिलीज हुई है। इस लेख में जानें मेजर शैतान सिंह की वीरता और उनकी कहानी के बारे में, जिसे फरहान ने अपने प्रशंसकों के साथ साझा किया।
 

फरहान अख्तर की श्रद्धांजलि


मुंबई, 1 दिसंबर। 1962 में हुए भारत-चीन युद्ध में अदम्य साहस दिखाने वाले शहीद मेजर शैतान सिंह भाटी को उनकी जयंती पर बॉलीवुड अभिनेता फरहान अख्तर ने याद किया। उन्होंने उन 120 वीरों को भी श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने इस युद्ध में अपने प्राणों की आहुति दी।


फरहान ने अपनी फिल्म '120 बहादुर' में मेजर शैतान सिंह का किरदार निभाया है, जो 21 नवंबर को सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई।


अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर शहीद मेजर की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "आज मेजर शैतान सिंह भाटी (पीवीसी) की 101वीं जयंती पर हम उनके और रेजांग ला की लड़ाई में उनके नेतृत्व में लड़े गए 120 निडर योद्धाओं से प्रेरणा लेते हैं। उनके बेटे नरपत सिंह जी और भाटी परिवार के प्रति मेरा गहरा सम्मान और आभार। जय हिंद।"


फरहान के इस पोस्ट को उनके प्रशंसकों ने सराहा है और फिल्म में उनके द्वारा निभाए गए किरदार की भी प्रशंसा की है।


एक यूजर ने टिप्पणी की, "आपने अद्भुत प्रदर्शन किया और इस महान व्यक्ति को सम्मानित किया।" वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा, "अहीर धाम अब हमारे लिए एक तीर्थस्थल है। इस महाकाव्य युद्ध को जीवंत करने के लिए आपको और आपकी टीम को धन्यवाद।"


फरहान अख्तर की यह फिल्म 1962 के भारत-चीन युद्ध पर आधारित है। मेजर शैतान सिंह ने 1949 में भारतीय सेना में भर्ती होकर 13 कुमाऊं रेजिमेंट की चार्ली कंपनी में अपनी सेवा दी।


युद्ध के दौरान, उन्होंने चार्ली कंपनी का नेतृत्व किया और 3000 चीनी सैनिकों का सामना करते हुए वीर गति प्राप्त की। इस संघर्ष में 120 बहादुरों ने चीन के अत्याधुनिक हथियारों से लैस 3,000 दुश्मनों का सामना किया। बर्फीले मौसम में लड़ाई करना बेहद कठिन था, लेकिन इन बहादुरों ने चीनी सेना के 1,300 जवानों को मार गिराया, हालांकि हमें भी 114 जवानों का नुकसान उठाना पड़ा, जिसमें मेजर शैतान सिंह भाटी भी शामिल थे।