फरहान अख्तर के कॉन्सर्ट में गूंजा 'जिंदा', 12 साल बाद भी बना है युवाओं का एंथम!
फरहान अख्तर का जादुई कॉन्सर्ट
मुंबई, 3 नवंबर। अभिनेता और गायक फरहान अख्तर की 2013 में आई फिल्म 'भाग मिल्खा भाग' का गाना 'जिंदा' आज भी लोगों में वही उत्साह भरता है। हाल ही में फरहान के लाइव कॉन्सर्ट में इस गाने का जादू देखने को मिला, जहां हजारों प्रशंसकों ने उनके साथ मिलकर गाया और माहौल को ऊर्जा से भर दिया।
फरहान ने अपने इंस्टाग्राम पर कॉन्सर्ट का एक वीडियो साझा किया, जिसमें दर्शक गाने की हुक लाइन गा रहे हैं और वह भी बीच-बीच में उनके साथ गा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब एक गाना स्टेज से निकलकर पूरे एरिना में गूंजता है, तो वह एक जादुई अनुभव होता है। फरहान ने लिखा, "वो पल जब एक गाना सबकी धड़कन बन जाता है, वो अद्भुत होता है।"
इस वीडियो को उनके कई साथी कलाकारों और दोस्तों ने भी सराहा है। जोया अख्तर और दिव्येंदु जैसे कलाकारों ने कमेंट सेक्शन में अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं।
'भाग मिल्खा भाग' का गाना 'जिंदा' केवल एक फिल्मी गीत नहीं, बल्कि यह युवाओं और फिटनेस प्रेमियों के लिए एक एंथम बन चुका है। इसे प्रसून जोशी ने लिखा है, शंकर-एहसान-लॉय ने संगीत दिया है, और सिद्धार्थ महादेवन ने इसे गाया है। यह गाना जिम जाने वालों और एथलीटों की प्लेलिस्ट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।
फिल्म 'भाग मिल्खा भाग' राकेश ओमप्रकाश मेहरा द्वारा निर्देशित एक स्पोर्ट्स बायोपिक है, जो महान भारतीय एथलीट मिल्खा सिंह के जीवन पर आधारित है। मिल्खा सिंह कॉमनवेल्थ गेम्स के चैंपियन और एशियन गेम्स के दो बार के 400 मीटर चैंपियन रहे हैं।
फिल्म में फरहान के साथ आर्ट मलिक, दिव्या दत्ता, पवन मल्होत्रा, योगराज सिंह, प्रकाश राज और मीशा शफी जैसे कलाकार हैं, जबकि सोनम कपूर ने विशेष भूमिका निभाई थी। यह फिल्म 'द रेस ऑफ माई लाइफ' किताब से प्रेरित है। मिल्खा सिंह ने फिल्म के अधिकार मात्र एक रुपये में बेचे थे और यह शर्त रखी थी कि फिल्म से होने वाले लाभ का एक हिस्सा उनके चैरिटेबल ट्रस्ट को दिया जाएगा।