×

परिणीति चोपड़ा ने पोस्टपार्टम बॉडी-शेमिंग पर दिया जोरदार जवाब, जानें क्या कहा!

अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने महिलाओं, विशेषकर पोस्टपार्टम महिलाओं के प्रति बॉडी-शेमिंग करने वाले ट्रोलर्स को कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने इस मुद्दे पर अपनी राय साझा करते हुए कहा कि यह अजीब है कि महिलाओं को इस तरह की नकारात्मकता का सामना करना पड़ता है। परिणीति ने सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग से प्रभावित न होने की बात कही और यह भी बताया कि बच्चे के जन्म के बाद शरीर में आए बदलावों को खूबसूरत मानती हैं। जानें उनके विचार और अनुभव इस लेख में।
 

परिणीति चोपड़ा का ट्रोलर्स को करारा जवाब

मुंबई, 22 सितंबर। अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने महिलाओं, विशेषकर पोस्टपार्टम महिलाओं के प्रति बॉडी-शेमिंग करने वाले ट्रोलर्स को कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने प्रसव के बाद महिलाओं के शरीर के बारे में होने वाली चर्चाओं को 'अजीब' करार दिया और यह सवाल उठाया कि उन्हें इस तरह की नकारात्मकता का सामना क्यों करना पड़ता है।


एक बातचीत में, परिणीति ने कहा, "मैं इस पर ध्यान नहीं देती क्योंकि मैं इसे देखती ही नहीं हूं। सच कहूं तो मुझे इसके बारे में पता भी नहीं चलता, क्योंकि मैं सोशल मीडिया पर ज्यादा समय बिताती ही नहीं हूं और अगर कभी पता चल भी जाए तो इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं अपनी लाइफ को लेकर बहुत सच्ची हूं, मैं अपने समय, परिवार, दोस्तों और अपनी खुद की जिंदगी को लेकर सच्ची हूं।"


उन्होंने यह भी बताया कि वे सोशल मीडिया ट्रोलर्स से प्रभावित नहीं होती हैं। उन्होंने कहा, "मैं उन अनजान लोगों की बातों से परेशान नहीं होने वाली जो मेरे बारे में बात करते हैं। इसका मुझसे कोई लेना-देना नहीं है और मेरे पास इसके लिए समय भी नहीं है।"


कैटरीना कैफ की पोस्टपार्टम ट्रोलिंग पर टिप्पणी करते हुए, परिणीति ने कहा कि इस तरह की बातें उन्हें अनपढ़ता लगती हैं। उन्होंने कहा, "2026 में भी महिलाओं को बॉडी शेम किया जाता है तो मुझे ये बहुत ही अनपढ़ता वाली और अजीब बात लगती है कि खासकर उन महिलाओं के बारे में बात की जाती है जो अभी मां बनी हैं। मैं समझ नहीं पाती कि ऐसा क्यों होता है।"


अभिनेत्री ने आगे कहा, "मुझे सच में समझ नहीं आता कि अगर एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया है तो उसके शरीर पर जो निशान हैं, उसमें निगेटिव क्या है। ये तो खूबसूरत निशान हैं। जैसे आप मालदीव जाते हैं और आपकी स्किन टैन हो जाती है, तो वो इस बात का सबूत है कि आप मालदीव गए थे। आप जिम जाते हैं तो आपके एब्स बनते हैं तो फिर 9 महीने तक एक इंसान को अपने अंदर पालने से आपके शरीर में जो जरूरी बदलाव आते हैं, जो एक हेल्दी बच्चे के लिए जरूरी हैं, उन पर चर्चा क्यों होती है और अगर चर्चा होती भी है तो निगेटिव क्यों होती है।"


उन्होंने अपनी बात को समाप्त करते हुए कहा, "मेरे लिए तो बच्चे के जन्म के बाद शरीर में आया हर बदलाव बहुत खूबसूरत है। मैं इसे देखती हूं तो लगता है कि मैंने एक बच्चे को जन्म दिया है और ये कितना सुंदर है।"