☰
×

धर्मेंद्र ने दिलीप कुमार को बताया 'दूसरी मां का भाई', पुराना वीडियो हुआ वायरल

दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र ने दिलीप कुमार के प्रति अपने गहरे स्नेह का इजहार किया है। एक वायरल वीडियो में, उन्होंने दिलीप कुमार को 'दूसरी मां का भाई' कहा और उनके साथ बिताए पलों को याद किया। जानें कैसे धर्मेंद्र ने दिलीप कुमार को अपना आदर्श मानते हुए उनके साथ अपने रिश्ते को बयां किया। इस वीडियो में उनके बीच की गहरी दोस्ती और सम्मान की झलक देखने को मिलती है।
 

धर्मेंद्र का दिलीप कुमार के प्रति प्यार


मुंबई, 29 नवंबर। दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र ने एक बार खुलासा किया था कि उनके प्रिय अभिनेता दिलीप कुमार हैं, जिन्हें उन्होंने 'दूसरी मां का भाई' तक कहा।


सलमान खान द्वारा प्रस्तुत शो '10 का दम' का एक पुराना वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर फिर से वायरल हुआ है, जिसमें धर्मेंद्र अपने पसंदीदा अभिनेता और मित्र को बेहद प्यार से याद कर रहे हैं।


इस वीडियो में, सलमान ने धर्मेंद्र से पूछा, "आपका पसंदीदा हीरो कौन था?"


धर्मेंद्र ने उत्तर दिया, "दिलीप कुमार से बड़ा कोई नहीं है। मेरे दिलीप कुमार। मैं उनसे बहुत प्यार करता हूं। वह महान हैं। मैं उन्हें गले लगाता हूं और कहता हूं कि ऐसा लगता है जैसे आप किसी दूसरी मां से पैदा हुए हैं, लेकिन हम भाई हैं। मैं आज भी उनसे मिलने जाता हूं। मैं उनसे बहुत प्यार करता हूं। हम साथ बैठकर खाते भी हैं। मैं लेट जाता हूं और वह 'बन-मस्का' (ब्रेड और मक्खन) मंगवाते हैं। मैं उस पर चीनी और मलाई डालता हूं और खुद भी खाता हूं। मैं खाना बंद नहीं कर पाता।"


उन्होंने आगे कहा, "उनके जैसे लोग बहुत कम हैं। बहुत ही कम। वे बेहद ईमानदार इंसान हैं। कोई भी उस ऊंचाई तक नहीं पहुंच सकता। चाहे कोई भी आ जाए, चाहे वह कितना भी बड़ा या महान क्यों न हो।"


दिलीप कुमार और धर्मेंद्र के बीच गहरा सम्मान और स्नेह था। दिलीप कुमार पेशावर (जो अब पाकिस्तान में है) से थे, जबकि धर्मेंद्र का जन्म अविभाजित भारत के पंजाब के नसराली में हुआ था, जो बंटवारे के बाद भारत का हिस्सा बन गया। ‘शहीद’ फिल्म देखने के बाद धर्मेंद्र ने दिलीप कुमार को अपना आदर्श मान लिया और उनके जैसा अभिनेता बनने का सपना देखने लगे। जब वे खुद बॉलीवुड में आए, तो उनके आदर्श उनके लिए बड़े भाई जैसे बन गए।


उन्होंने ‘अनोखा मिलन’ फिल्म में एक साथ काम किया। आगे चलकर ये दोनों ही दिग्गज कलाकार बने और हिंदी सिनेमा के अलग-अलग दौर को परिभाषित किया।


दिलीप कुमार को अक्सर हिंदी सिनेमा का सबसे बेहतरीन अभिनेता माना जाता है। उनके प्रशंसकों की एक लंबी फेहरिस्त है, जिसमें शाहरुख खान जैसे हिंदी सिनेमा के कई बड़े सितारे भी शामिल हैं।


--News Media


एमएस/