☰
×

दीप्ति नवल ने साझा की पुरानी यादें, नाना पाटेकर के साथ फिल्म 'यात्रा' की तस्वीर की पोस्ट

अभिनेत्री दीप्ति नवल ने हाल ही में नाना पाटेकर के साथ अपनी पुरानी यादों को ताजा किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर फिल्म 'यात्रा' के एक दृश्य की तस्वीर साझा की, जिसमें दोनों कलाकारों की शानदार केमिस्ट्री नजर आ रही है। फिल्म 'यात्रा', जो 2006 में मॉन्ट्रियल वर्ल्ड फिल्म फेस्टिवल में प्रीमियर हुई थी, कला और वास्तविकता के बीच के संबंध को दर्शाती है। जानें इस फिल्म के बारे में और दीप्ति की यादों के पीछे की कहानी।
 

दीप्ति नवल की यादें: नाना पाटेकर के साथ 'यात्रा'




मुंबई, 24 अक्टूबर। अभिनेत्री दीप्ति नवल ने दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के साथ अपने पुराने अनुभवों को ताजा किया। उन्होंने नाना के साथ फिल्म 'यात्रा' में काम करने के अपने अनुभव को साझा किया।


दीप्ति नवल ने इंस्टाग्राम पर फिल्म 'यात्रा' के एक दृश्य की एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह पारंपरिक नीली नौवारी साड़ी और पीले ब्लाउज में पारंपरिक पत्थर की चक्की के पास बैठी हुई हैं। नाना पाटेकर सादे ऑफ-व्हाइट कपड़ों में हैं, कंधे पर मरून कपड़ा लपेटे हुए और उनके बगल में बैठे हैं। अभिनेत्री ने लिखा, "नाना और मेरे बीच का एक पल, गौतम घोष की फिल्म 'यात्रा' से।"


फिल्म 'यात्रा' की बात करें, तो यह गौतम घोष द्वारा निर्देशित है और 2006 में मॉन्ट्रियल वर्ल्ड फिल्म फेस्टिवल में प्रीमियर के बाद 4 मई 2007 को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। यह फिल्म कला, वास्तविकता और कल्पना के बीच के संबंध को दर्शाती है।


इस फिल्म में नाना पाटेकर और दीप्ति नवल के अलावा रेखा भी महत्वपूर्ण भूमिका में थीं। नाना ने 'दशरथ जोगलेकर' नामक एक प्रसिद्ध लेखक का किरदार निभाया, जो अपना प्रतिष्ठित साहित्य पुरस्कार लेने हैदराबाद से दिल्ली की यात्रा पर निकलते हैं। उनकी यह यात्रा उनके जीवन और रचनाओं के पन्ने पलटती है।


दीप्ति नवल ने दशरथ जोगलेकर की सौम्य और जिम्मेदार पत्नी 'स्मिता' का किरदार निभाया, जो परिवार और वास्तविक जीवन का प्रतिनिधित्व करती हैं और लेखक की भावनाओं का एक स्थिर आधार हैं। वहीं, रेखा ने 'लजवंती' नामक तवायफ की भूमिका निभाई, जो दशरथ के उपन्यास की नायिका है और उनके अतीत व कल्पना का प्रतीक है।


इस फिल्म की कहानी दशरथ जोगलेकर (नाना पाटेकर) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक प्रतिष्ठित साहित्य पुरस्कार लेने दिल्ली जाते हैं। इस यात्रा के दौरान उनका अतीत वर्तमान के सामने आकर खड़ा हो जाता है। फिल्म में मुख्य रूप से लाजवंती (रेखा द्वारा अभिनीत) के किरदार और समाज पर उसके प्रभाव को गहराई से दिखाया गया है।