×

दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या पर खेसारी लाल यादव का गुस्सा, क्या है पूरा मामला?

दिल्ली में एक डिलीवरी ब्वॉय पांडव कुमार की हत्या ने खेसारी लाल यादव को गुस्से में ला दिया है। उन्होंने इस घटना पर सवाल उठाते हुए बिहारवासियों से एकजुटता की अपील की है। यादव का कहना है कि बिहारी लोगों को अन्य राज्यों में प्रताड़ित किया जा रहा है और अब उन्हें जान से मारने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। जानें इस मामले की पूरी जानकारी और खेसारी की प्रतिक्रिया।
 

दिल्ली में हुई हत्या से बढ़ा आक्रोश


मुंबई, 29 अप्रैल। हाल ही में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात हेड कांस्टेबल नीरज द्वारा एक डिलीवरी ब्वॉय पांडव कुमार को गोली मारने की घटना ने लोगों में गुस्सा पैदा कर दिया है। यह घटना शनिवार को हुई थी और इसके बाद से ही आक्रोश बढ़ता जा रहा है।


भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव इस मामले पर लगातार दिल्ली सरकार से सवाल कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने एक ऐसा पोस्ट रिट्वीट किया है, जिसमें बिहार के लोगों की तुलना बलूचिस्तान के निवासियों से की गई है। उन्होंने बिहारवासियों से एकजुट होने की अपील की है।


खेसारी लाल यादव ने सोशल मीडिया पर जाफराकलां थाना क्षेत्र के रावता गांव में हुई इस घटना का जिक्र किया। उनका कहना है कि बिहार के लोगों को पहले से ही अन्य राज्यों में भाषा और आर्थिक स्थिति के कारण प्रताड़ित किया जा रहा है, और अब बेगुनाह बिहारी लोगों को जान से मारने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, 'अब लग रहा है कि आप ठीक ही बोल रहे थे, लेकिन अब मुंह पर दही जमा के कोई फायदा नहीं। हर बिहारी मिलकर ऐसा मिसाल पैदा करे कि आगे से कोई अपने मन में भी दिल्ली वाला घृणित कार्य करने का सोचे तो रूह काप जाए।'


भोजपुरी गायक ने संजीव सिंह नामक एक यूजर के ट्वीट को रिट्वीट किया, जिसमें लिखा था, "पाकिस्तान बलूचों और पश्तून लोगों के साथ जो करता है, भारत बिहारियों के साथ वही करता है।" खेसारी ने इस ट्वीट का समर्थन किया है। इससे पहले भी उन्होंने इस घटना पर कई ट्वीट किए थे और इसे बिहारी होने की सजा बताया था।


दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात हेड कांस्टेबल नीरज पर आरोप है कि उसने पहले पांडव का नाम पूछा और जब उसे पता चला कि वह बिहार का निवासी है, तो उसने गोली चला दी। इस घटना में पांडव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दोस्त अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।