☰
×

दिलजीत दोसांझ ने बदली कॉन्सर्ट की तारीख, सांसद विक्रमजीत साहनी ने की सराहना

दिलजीत दोसांझ ने अपने 'ऑरा इंडिया टूर' के दिल्ली कॉन्सर्ट की तारीख को बदलकर 30 अक्टूबर कर दिया है। यह निर्णय 1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी के सम्मान में लिया गया। सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने दिलजीत की इस संवेदनशीलता की सराहना की है। जानें इस निर्णय के पीछे की कहानी और दिलजीत की भूमिका के बारे में।
 

दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट अब 30 अक्टूबर को




मुंबई, 12 अक्टूबर। अभिनेता और गायक दिलजीत दोसांझ ने अपने 'ऑरा इंडिया टूर' के दिल्ली कॉन्सर्ट की तारीख में बदलाव किया है। इस निर्णय पर राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने दिलजीत का आभार व्यक्त किया।


दरअसल, यह कॉन्सर्ट पहले 1 नवंबर को निर्धारित था, जो 1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी के दिन आता है। सिख समुदाय की भावनाओं का सम्मान करते हुए और पंजाबी प्रमोशन काउंसिल तथा अन्य प्रतिनिधियों की अपील के बाद, शो को 30 अक्टूबर को शिफ्ट किया गया है।


सांसद साहनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने दिलजीत को धन्यवाद दिया कि उन्होंने 1 नवंबर को परफॉर्म न करने की उनकी अपील को स्वीकार किया। उन्होंने लिखा, "दिलजीत दोसांझ का दिल से धन्यवाद कि उन्होंने 1 नवंबर को दिल्ली में परफॉर्म न करने की हमारी अपील को मान लिया। अब कॉन्सर्ट 30 अक्टूबर को होगा।"


उन्होंने आगे कहा, "दिलजीत पंजाब का सच्चा सपूत है, एक पगड़ी पहनने वाला ग्लोबल आइकॉन है और लाखों लोगों के लिए प्रेरणा है। उनकी संवेदनशीलता यह दर्शाती है कि इतने बड़े मुकाम पर होने के बावजूद उनमें कितनी जिम्मेदारी और करुणा है।"


गौरतलब है कि 1 नवंबर 1984 का दिन भारतीय सिखों और पंजाबियों के लिए एक काला दिन है, जब पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सिखों के खिलाफ बड़े पैमाने पर दंगे भड़क उठे थे। 31 अक्टूबर 1984 को इंदिरा गांधी की हत्या उनके ही सिख अंगरक्षकों द्वारा की गई थी।


इस हत्या के अगले दिन, 1 नवंबर 1984 को, दिल्ली समेत कई स्थानों पर सिखों के खिलाफ संगठित हिंसा, हत्याएं, आगजनी और लूटपाट की घटनाएं हुईं।