दिलजीत दोसांझ ने इंदौर कॉन्सर्ट में राहत इंदौरी के शेरों से किया विरोध का सामना!
दिलजीत का इंदौर कॉन्सर्ट और गानों पर पाबंदी
मुंबई, 16 नवंबर। प्रसिद्ध गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने हाल ही में इंदौर में अपने कॉन्सर्ट के दौरान गानों पर लगी पाबंदियों के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने मंच पर मशहूर शायर राहत इंदौरी के शेर पढ़कर उन लोगों को जवाब दिया, जिन्होंने उनके गानों पर रोक लगाई थी।
दरअसल, इंदौर में उनके कॉन्सर्ट से पहले बाल संरक्षण विभाग ने दिलजीत के चार हिट गानों—'पटियाला पेग', '5 तारा ठेके', 'जीब विचो फीम लब्बिया' और 'जट उत्थे फायर करदा'—पर प्रतिबंध लगा दिया था। प्रशासन का कहना था कि ये गाने बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं और शराब व हिंसा को बढ़ावा देते हैं।
आयोजकों को निर्देश दिया गया था कि लाइव परफॉर्मेंस के दौरान इन गानों का प्रदर्शन न किया जाए।
गानों पर रोक और शो के विरोध के चलते दिलजीत दोसांझ ने मंच पर राहत इंदौरी के शेर पढ़ते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, "ये नहीं गाना, वो नहीं गाना, ये नहीं कर सकते, वो नहीं कर सकते।"
दिलजीत ने राहत इंदौरी के शेर पढ़ते हुए कहा, "हमारे मुंह से जो निकले वही सदाकत है, हमारे मुंह में तुम्हारी ज़ुबान थोड़ी है। अगर खिलाफ हैं तो होने दो, जान थोड़ी है, ये सब धुआं है, कोई आसमान थोड़ी है।"
यह पहली बार नहीं है जब दिलजीत ने राहत इंदौरी के शेर पढ़े हैं। उन्होंने पहले भी 8 दिसंबर 2024 को इंदौर में अपने दिल-लुमिनाटी इंडिया टूर के दौरान ये शेर पढ़े थे।
दिलजीत का इंदौर कॉन्सर्ट 15 नवंबर 2026 को हुआ था। इस शो से पहले दिलजीत को धमकी भरे ई-मेल मिले थे, जिसके चलते पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। आयोजन स्थल पर थ्री-लेयर सिक्योरिटी, ड्रोन निगरानी, बम डिस्पोजल स्क्वाड और 500 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ निजी सुरक्षा गार्ड्स तैनात किए गए थे।