तापसी पन्नू का नया पैनल: सिनेमा में महिलाओं की छवि को बदलने की कोशिश
फिल्म फेस्टिवल में तापसी का महत्वपूर्ण योगदान
मुंबई, 18 अगस्त। अभिनेत्री तापसी पन्नू एक आगामी फिल्म फेस्टिवल में 'फ्रॉम पिंक टू पावर: ब्रेकिंग स्टीरिओटाइप थ्रू सिनेमा' नामक पैनल का हिस्सा बनने जा रही हैं। उनका मानना है कि सिनेमा तब और भी रोचक बनता है जब महिला पात्रों को जटिल और निर्भीक तरीके से प्रस्तुत किया जाता है।
इस विशेष सत्र में भाग लेने के लिए तापसी ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, "मेरे लिए, स्टीरियोटाइप्स को तोड़ना हमेशा एक जोखिम लेने और ऐसे महिला पात्र को निभाने से जुड़ा है, जो शायद उस छवि में नहीं आता जिसे लोग अपेक्षित करते हैं। इस सत्र में चर्चा होगी कि कैसे सिनेमा गहराई से स्थापित रूढ़ियों पर सवाल उठा सकता है और महिलाओं को पर्दे पर दिखाने के तरीके को बदल सकता है।"
तापसी ने आगे बताया कि वह इस फेस्टिवल में अपनी यात्रा, करियर के महत्वपूर्ण निर्णय और पारंपरिक सोच से हटकर काम करने के जोखिमों पर चर्चा करेंगी। साथ ही, वह यह भी बताएंगी कि सिनेमा के माध्यम से सवाल उठाना और लोगों को सोचने पर मजबूर करना कितना महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा, "पिंक और थप्पड़ जैसी फिल्में एक महत्वपूर्ण बहस का हिस्सा बनी थीं क्योंकि उन फिल्मों में मेरे द्वारा निभाए गए पात्रों को किसी निश्चित ढांचे में नहीं ढाला गया था। मैं हमेशा से मानती हूं कि सिनेमा तब और भी दिलचस्प होता है जब हम महिलाओं को कमज़ोरियों से मुक्त, जटिल, महत्वाकांक्षी और निर्भीक दिखाने की अनुमति देते हैं। इस फिल्म फेस्टिवल में इन निर्णयों और उनसे उत्पन्न चर्चाओं पर बात करने के लिए मैं बेहद उत्सुक हूं।"
यह फिल्म फेस्टिवल 20 से 23 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। हाल ही में तापसी पन्नू फिल्म 'अस्सी' में नजर आई थीं, जिसमें उन्होंने एक साहसी वकील की भूमिका निभाई है, जो गैंगरेप सर्वाइवर को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करती है।