तमिलनाडु में रैली के दौरान भगदड़: 39 लोगों की जान गई, सितारों ने जताया दुख
करूर में हुई दुखद घटना
मुंबई, 28 सितंबर। टीवीके के नेता और अभिनेता विजय ने शनिवार को तमिलनाडु के करूर जिले में एक रैली का आयोजन किया था, जिसमें भगदड़ के कारण 39 लोगों की जान चली गई। इस घटना में 10 बच्चे और 16 महिलाएं शामिल हैं, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
दक्षिण भारत के कई मशहूर हस्तियों ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है और सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं साझा की हैं।
मौलीवुड के सुपरस्टार ममूटी ने अपनी 'एक्स' टाइमलाइन पर लिखा, "करूर में हुई दुखद घटना से मैं अत्यंत दुखी हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
सुपरस्टार मोहनलाल ने भी 'एक्स' पर लिखा, "करूर भगदड़ में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।"
अभिनेता मनोज मांचू ने माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट 'एक्स' पर लिखा, "मेरा दिल टूट गया है। यह दर्द शब्दों से परे है। यह बेहद परेशान करने वाला और दुर्भाग्यपूर्ण है कि बच्चों सहित कई निर्दोष लोगों की जान चली गई। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं गहरी संवेदना प्रकट करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"
निर्देशक पा रंजीत ने 'एक्स' पर लिखा, "करूर दुर्घटना बहुत बड़ी त्रासदी है, जो दिल को झकझोर गई। टीवीके नेता की प्रचार सभा में भगदड़ में मारे गए लोगों के बारे में जानकर मुझे गहरा सदमा लगा और पीड़ा हुई है। मैं प्रभावित लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।"
इस घटना से दुखी विजय ने मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और पीड़ितों के लिए मुआवजे की घोषणा की। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि वह इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को 20-20 लाख रुपए का मुआवजा देंगे। साथ ही घायलों को भी 2 लाख रुपए देने का ऐलान किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 'एक्स' पर एक पोस्ट के जरिए अपना दुख व्यक्त किया और मुआवजे का ऐलान किया।