डेलनाज ईरानी ने बॉलीवुड के ब्यूटी स्टैंडर्ड्स पर खोला राज, खुद को स्वीकारने का दिया संदेश
बॉलीवुड में ब्यूटी स्टैंडर्ड्स पर डेलनाज का बयान
मुंबई, 25 अक्टूबर। अभिनेत्री डेलनाज ईरानी ने बॉलीवुड में ब्यूटी स्टैंडर्ड्स के बारे में अपनी राय साझा की है। उनका कहना है कि इस इंडस्ट्री में महिलाओं से एक खास प्रकार की त्वचा और लुक की उम्मीद की जाती है।
मनोरंजन क्षेत्र में दिखने के दबाव पर चर्चा करते हुए, 'कल हो ना हो' की अभिनेत्री ने कहा, "हां, सामान्यतः दबाव तो होता है। महिलाओं से अपेक्षा की जाती है कि उनकी त्वचा एक विशेष प्रकार की हो और वे एक निश्चित तरीके से दिखें। कभी-कभी मुझे भी दबाव महसूस होता है, लेकिन मैं खुद से कहती हूं, मस्त रहो, खाओ-पियो, ऐश करो, जिंदगी जियो।"
हाल ही में 54 वर्ष की हुईं डेलनाज ने कहा कि उम्र के साथ शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक बदलाव आना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा, "व्यक्तिगत रूप से मुझे नहीं लगता कि मैं इतना दबाव महसूस करती हूं। अगर करती, तो शायद मैं वजन कम करने के लिए बहुत ज्यादा कोशिश कर रही होती। मेरे चेहरे पर हंसी की लकीरें हैं और मुझे पता है कि उम्र बढ़ने के साथ ऐसा होता है। महिलाओं को कई तरह के बदलावों का सामना करना पड़ता है, लेकिन खुद को स्वीकार करना सीखना चाहिए।"
अभिनेत्री ने यह भी बताया कि समय के साथ लोगों की सोच और अपेक्षाएं बदल गई हैं। आजकल जीवन के कई क्षेत्रों में दबाव है, जिसमें लुक, फैसले और खुद को प्रस्तुत करने का तरीका शामिल है।
उन्होंने कहा, "समय बदल गया है। आज हर जगह दबाव है। हमारी पीढ़ी अलग थी। हम सरल थे। हम वही पहनते थे जो हमारी मां हमें देती थीं और वही खाते थे जो हमारे सामने परोसा जाता था। तब इतने सवाल नहीं होते थे। आज हर चीज पर चर्चा होती है।"
डेलनाज का मानना है कि उम्र बढ़ने का मतलब जीवन का आनंद लेना छोड़ देना नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा, "महिलाओं को अवास्तविक अपेक्षाओं से अपनी तुलना करने के बजाय खुद के साथ सहज रहना चाहिए। मैं भी कभी-कभी अपने लुक के बारे में सोचती हूं, लेकिन इसे अपनी जिंदगी का केंद्र नहीं बनाना चाहती। मैं खुश रहने और खुद पर अनावश्यक दबाव न डालने में विश्वास रखती हूं।"
वर्कफ्रंट की बात करें तो डेलनाज ईरानी इन दिनों नेटफ्लिक्स सीरीज 'चुंबक' में नजर आ रही हैं। उन्होंने टेलीविजन और डिजिटल मनोरंजन में लंबा करियर बनाया है। वह 'यस बॉस', 'एक महल हो सपनों का', 'सोन परी', 'क्या हुआ तेरा वादा', 'कहता है दिल जी ले जरा', 'जमाई राजा', 'हर मुश्किल का हल अकबर बीरबल', 'पार्टनर्स', 'एक दीवाना था', 'कभी कभी इत्तेफाक से' और 'मन्नत: हर खुशी पाने की' जैसे धारावाहिकों में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं।