जॉन अब्राहम ने 'फोर्स' के 15 साल पूरे होने पर दिवंगत निर्देशक को किया याद
फिल्म 'फोर्स' का 15वां सालगिरह
मुंबई, 30 सितंबर। अभिनेता जॉन अब्राहम की एक्शन-ड्रामा फिल्म 'फोर्स' ने बुधवार को अपनी रिलीज के 15 साल पूरे कर लिए। इस खास मौके पर, जॉन ने फिल्म के निर्देशक निशिकांत कामत को याद किया और फिल्म से जुड़ी पुरानी यादों को ताजा किया।
जॉन ने अपने इंस्टाग्राम पर निशिकांत कामत के साथ एक तस्वीर साझा की, जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे इस फिल्ममेकर ने उन्हें बेहतरीन अभिनय का अवसर दिया।
उन्होंने लिखा, "फिल्म 'फोर्स' ने 15 साल पूरे कर लिए हैं। हमने एक ऐसी एक्शन फिल्म बनाने का प्रयास किया था, जिसमें इमोशन और एक्शन दोनों का समावेश हो।"
जॉन ने कहा कि 'फोर्स' का निर्माण निशिकांत कामत के बिना संभव नहीं था। उन्होंने लिखा, "फोर्स निशी (निशिकांत कामत) के बिना नहीं बन पाती। उन्होंने मुझे प्रेरित किया, मुझ पर विश्वास किया और फिल्म के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। काश वो आज हमारे बीच होते और इस सफर को देखते। मिस यू निशी। मुझे उम्मीद है कि आप मुझ पर गर्व महसूस कर रहे होंगे।"
2011 में आई इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म में जॉन अब्राहम के साथ जेनेलिया डिसूजा और विद्युत जामवाल ने भी मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। अन्य कलाकारों में मोहनीश बहल, राज बब्बर और मुकेश ऋषि शामिल थे।
यह फिल्म 2003 में आई तमिल सुपरहिट 'काखा काखा' की रीमेक थी, जिसमें जॉन ने एसीपी यशवर्धन का किरदार निभाया, जो ड्रग कार्टेल को खत्म करने के लिए किसी भी हद तक जाता है।
फिल्म में एक्शन के साथ-साथ यशवर्धन और माया (जेनेलिया डिसूजा) के बीच रोमांटिक प्रेम कहानी भी दिखाई गई थी। रिलीज के बाद, फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की, जिसके बाद इसकी एक पूरी फ्रेंचाइजी बनी।
2016 में 'फोर्स-2' रिलीज हुई, जिसमें जॉन अब्राहम के साथ सोनाक्षी सिन्हा नजर आई थीं। इस फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म 'फोर्स 3' फिलहाल निर्माणाधीन है और इसे 19 मार्च 2027 को रिलीज करने की योजना है, जिसका निर्देशन भाव धूलिया कर रहे हैं।