☰
×

जॉन अब्राहम की 'फोर्स' ने पूरे किए 15 साल: निर्देशक निशिकांत कामत को किया याद

जॉन अब्राहम ने अपनी एक्शन-ड्रामा फिल्म 'फोर्स' के 15 साल पूरे होने पर निर्देशक निशिकांत कामत को याद किया। उन्होंने इस अवसर पर फिल्म के निर्माण में कामात की भूमिका को सराहा और अपनी यादों को साझा किया। 'फोर्स' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और इसकी एक सफल फ्रेंचाइजी भी बनी। जानें इस फिल्म की कहानी और भविष्य की योजनाओं के बारे में।
 

जॉन अब्राहम ने 'फोर्स' के 15 साल पूरे होने पर किया याद

मुंबई, 30 सितंबर। अभिनेता जॉन अब्राहम की एक्शन-ड्रामा फिल्म 'फोर्स' ने बुधवार को अपनी रिलीज के 15 साल पूरे कर लिए। इस खास मौके पर, अभिनेता ने फिल्म के निर्देशक निशिकांत कामत को याद किया और फिल्म से जुड़ी अपनी यादों को साझा किया।


जॉन ने इंस्टाग्राम पर निशिकांत कामत के साथ एक तस्वीर साझा की, जिसमें उन्होंने बताया कि फिल्ममेकर की वजह से उन्हें बेहतरीन अभिनय का अवसर मिला।


उन्होंने लिखा, "फिल्म 'फोर्स' ने 15 साल पूरे कर लिए हैं। हमने एक ऐसी एक्शन फिल्म बनाने की कोशिश की थी, जिसमें इमोशन और एक्शन दोनों का समावेश था।"


अभिनेता ने आगे कहा कि 'फोर्स' का निर्माण निशिकांत कामत के बिना संभव नहीं था। उन्होंने लिखा, "फोर्स निशी (निशिकांत कामत) के बिना नहीं बन पाती। उन्होंने मुझे प्रेरित किया, मुझ पर विश्वास किया और फिल्म के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। काश वो आज हमारे बीच होते और देखते कि यह सफर कहां तक पहुंचा है। मिस यू निशी। मुझे उम्मीद है कि आप मुझ पर गर्व महसूस कर रहे होंगे।"


2011 में रिलीज हुई इस एक्शन-थ्रिलर में जॉन अब्राहम के साथ जेनेलिया डिसूजा और विद्युत जामवाल जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में थे। अन्य कलाकारों में मोहनीश बहल, राज बब्बर और मुकेश ऋषि शामिल थे।


यह फिल्म गौतम मेनन की 2003 में आई तमिल हिट फिल्म 'काखा काखा' की रीमेक थी। जॉन ने इसमें एसीपी यशवर्धन का किरदार निभाया, जो एक निडर नारकोटिक्स अधिकारी है, जो ड्रग कार्टेल को खत्म करने के लिए किसी भी हद तक जाता है।


फिल्म में एक्शन के साथ-साथ यशवर्धन और माया (जेनेलिया डिसूजा) की रोमांटिक कहानी भी दिखाई गई थी। रिलीज के बाद, फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की, जिसके बाद इसकी एक पूरी फ्रेंचाइजी बनी।


2016 में 'फोर्स-2' रिलीज हुई, जिसमें जॉन अब्राहम के साथ सोनाक्षी सिन्हा नजर आई थीं। इस फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म 'फोर्स 3' फिलहाल निर्माणाधीन है और इसे 19 मार्च 2027 को रिलीज करने की योजना है, जिसका निर्देशन भाव धूलिया करेंगे।