जैकी श्रॉफ ने गीतादत्त को उनकी 96वीं जयंती पर किया याद, साझा की पुरानी तस्वीरें
गीतादत्त की जयंती पर जैकी श्रॉफ का श्रद्धांजलि
मुंबई, 23 नवंबर। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता जैकी श्रॉफ अक्सर पुराने कलाकारों और संगीत की यादों को सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। इस बार उन्होंने हिंदी सिनेमा की महान गायिका गीतादत्त को उनकी 96वीं जयंती पर याद किया।
जैकी ने गायिका की कुछ पुरानी ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने गीतादत्त की आवाज और उनके संगीत की विरासत को याद किया, जो आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई है।
सोमवार को जैकी श्रॉफ ने अपने सोशल मीडिया पर गीतादत्त की कई तस्वीरें पोस्ट कीं। इनमें से एक तस्वीर पोर्ट्रेट थी, जबकि दूसरी में वह रिकॉर्डिंग स्टूडियो में माइक्रोफोन के सामने गाते हुए नजर आ रही थीं। इन तस्वीरों के साथ जैकी ने लिखा, "गीतादत्त जी की जयंती पर उन्हें याद कर रहा हूं। उनकी संगीत विरासत हमेशा यादगार रहेगी।"
गीतादत्त हिंदी सिनेमा की उन गायिकाओं में से एक थीं, जिनकी आवाज ने कई दशकों तक फिल्मी संगीत को एक नई पहचान दी। उनका जन्म 23 नवंबर 1930 को हुआ था। उनका असली नाम गीता रॉय था। उन्होंने 1940 के दशक में फिल्मों के लिए गाना शुरू किया और 1947 में आई फिल्म 'दो भाई' के गाने 'मेरा सुंदर सपना बीत गया' से उन्हें विशेष पहचान मिली। इस गाने को संगीतकार एसडी बर्मन ने तैयार किया था।
इसके बाद गीतादत्त ने कई यादगार गाने गाए। फिल्म 'आर पार' का 'बाबूजी धीरे चलना', 'कागज के फूल' का 'वक्त ने किया क्या हसीं सितम', 'हावड़ा ब्रिज' का 'मेरा नाम चिन चिन चू' और 'साहिब बीबी और गुलाम' का 'ना जाओ सैंया छुड़ा के बैंया' आज भी बेहद लोकप्रिय हैं।
गीतादत्त की जिंदगी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा फिल्म निर्माता और अभिनेता गुरु दत्त से भी जुड़ा रहा। दोनों की पहली मुलाकात फिल्म 'बाजी' के दौरान हुई थी। इसके बाद उन्होंने 1953 में शादी कर ली। शादी के बाद भी गीतादत्त ने फिल्मों के लिए गाना जारी रखा और गुरु दत्त की कई चर्चित फिल्मों में अपनी आवाज दी। इनमें 'बाजी', 'मिस्टर एंड मिसेज 55', 'प्यासा', 'कागज के फूल' और 'साहिब बीबी और गुलाम' जैसी फिल्में शामिल हैं।
गीतादत्त का निधन 20 जुलाई 1972 को महज 41 साल की उम्र में हुआ।