×

जूनियर एनटीआर ने दादा एनटी रामाराव को श्रद्धांजलि देकर दिल छू लिया!

जूनियर एनटीआर ने अपने दादा एनटी रामाराव की जयंती पर उन्हें भावुक श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने अपने दादा की यादों को ताजा किया। इस अवसर पर चिरंजीवी ने भी एनटी रामाराव को याद किया और उनके योगदान को सराहा। जानें इस विशेष मौके पर क्या कहा गया और एनटी रामाराव का सिनेमा और राजनीति में योगदान क्या रहा।
 

जूनियर एनटीआर का भावुक श्रद्धांजलि




मुंबई, 28 मई। साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता जूनियर एनटीआर ने अपने दादा, तेलुगु सिनेमा के दिग्गज और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एनटी रामाराव की जयंती पर उन्हें याद किया। इस अवसर पर, अभिनेता ने सोशल मीडिया के माध्यम से भावुक श्रद्धांजलि अर्पित की।


जूनियर एनटीआर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने दादा एनटी रामाराव की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "आपके बिना यह तेलुगु भूमि अधूरी लगती है और आपके दर्शन न होने से यहां के लोगों का दिल दुखी रहता है। दादाजी, कृपया एक बार फिर लौटें और अपने प्यार से हमारे दिलों को छू लें, हम हमेशा आपके कर्जदार रहेंगे।"


अभिनेता ने हैदराबाद में एनटीआर घाट जाकर अपने दिवंगत दादा को श्रद्धांजलि दी। वहां उन्होंने स्मारक पर फूल चढ़ाए और भारी भीड़ के बीच कुछ समय मौन रहकर उन्हें याद किया।


इसी बीच, अभिनेता चिरंजीवी ने भी एनटी रामाराव को सोशल मीडिया पर याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।


चिरंजीवी ने लिखा, "कितनी भी पीढ़ियां बीत जाएं, एनटी रामाराव का प्रभाव कभी कम नहीं होगा। उन्होंने अपने अद्भुत अभिनय से कई यादगार किरदारों को जीवंत किया और तेलुगु समाज के आत्मसम्मान का प्रतीक बने। यही कारण है कि श्री नंदमूरी तारक रामाराव ने लोगों के दिलों में हमेशा के लिए अपनी खास जगह बनाई है।"


उन्होंने आगे कहा, "हाल ही में मुझे मिला एनटीआर राष्ट्रीय पुरस्कार मेरे लिए एक विशेष सम्मान है। यह उस महान व्यक्तित्व के प्रति मेरे सम्मान का प्रतीक है। उनकी जयंती पर मैं उन्हें श्रद्धापूर्वक याद करता हूं।"


एनटी रामाराव ने न केवल सिनेमा में बल्कि राजनीति में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने तेलुगुदेशम पार्टी की स्थापना की और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में जनता की सेवा की।