☰
×

जुबिन गर्ग: असम के संगीतकार की कहानी, जिसने 'या अली' से बनाई पहचान

जुबिन गर्ग, जिनका नाम 'या अली' गाने से जुड़ा है, असम के एक प्रतिभाशाली संगीतकार हैं। उनका जन्म 1972 में मेघालय में हुआ और उन्होंने असमिया लोक संगीत से लेकर हिंदी फिल्म इंडस्ट्री तक अपनी आवाज का जादू बिखेरा। जुबिन ने कई भाषाओं में गाने गाए और निर्देशन में भी कदम रखा। उनकी कहानी केवल एक गाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह असम की संस्कृति और संगीत के प्रति उनकी निष्ठा का प्रतीक है। जानें उनके जीवन और करियर के बारे में और उनकी असामयिक मृत्यु ने संगीत प्रेमियों को कैसे प्रभावित किया।
 

जुबिन गर्ग का संगीत सफर




मुंबई, 17 नवंबर। जुबिन गर्ग का नाम सुनते ही लोगों के मन में फिल्म 'गैंगस्टर' का प्रसिद्ध गाना 'या अली' ताजा हो जाता है। इस गाने ने उन्हें पूरे देश में पहचान दिलाई, लेकिन जुबिन की यात्रा केवल एक हिट गाने तक सीमित नहीं है। वह असम के एक ऐसे कलाकार हैं, जिन्होंने अपनी संस्कृति, भाषा और संगीत से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने असमिया लोक संगीत से लेकर रॉक और पॉप तक विभिन्न शैलियों में अपनी छाप छोड़ी।


जुबिन का जन्म 18 नवंबर 1972 को मेघालय के तुरा में हुआ। उनके पिता, मोहिनी मोहन बोरठाकुर, सरकारी अधिकारी होने के साथ-साथ लेखक और गीतकार भी थे, जबकि उनकी मां, इली बोरठाकुर, एक गायिका थीं। घर में संगीत और साहित्य का माहौल होने के कारण जुबिन का झुकाव बचपन से ही संगीत की ओर था। उन्होंने तीन साल की उम्र में गाना शुरू किया और अपनी मां से प्रारंभिक संगीत शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद, उन्होंने पंडित रॉबिन बनर्जी से लगभग 11 साल तक तबला सीखा और गुरु रमणी राय से असमिया लोक संगीत की बारीकियों को समझा।


जुबिन का संगीत सफर बहुत जल्दी शुरू हो गया। 1992 में उनका पहला असमिया एल्बम 'अनामिका' रिलीज हुआ, जिसने उन्हें पूर्वोत्तर भारत में पहचान दिलाई। इसके बाद 'माया', 'आशा', 'जुनाकी मोन' और 'एक्सोपुनोर शूर' जैसे एल्बमों ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ाया। उस समय उनकी आवाज असमिया संगीत में युवाओं के बीच काफी पसंद की जाने लगी। वह केवल गायक नहीं थे, बल्कि गाने लिखने और उनकी धुन बनाने में भी रुचि रखते थे।


क्षेत्रीय संगीत में अपनी पहचान बनाने के बाद, जुबिन ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की ओर कदम बढ़ाया। 1995 में मुंबई आने के बाद, उन्होंने अपनी आवाज को नए दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की। शुरुआती दिनों में उन्हें कई फिल्मों में गाने का मौका मिला, जैसे कि फिल्म 'फिजा' के लिए 'आजा माहिया' और 'कांटे' के लिए 'जो गली से गुजरे'। लेकिन उन्हें असली पहचान 2006 में आई फिल्म 'गैंगस्टर' के गाने 'या अली' से मिली। इस गाने ने उन्हें व्यापक पहचान दिलाई और उन्होंने ग्लोबल इंडियन फिल्म अवार्ड्स में बेस्ट मेल प्लेबैक सिंगर का पुरस्कार भी जीता।


'या अली' की सफलता के बाद, जुबिन के पास हिंदी फिल्मों में कई अवसर आए, लेकिन उनका दिल हमेशा असम के संगीत में लगा रहा। उन्होंने बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने के बावजूद क्षेत्रीय संगीत को प्राथमिकता दी और असमिया भाषा में गाने बनाते रहे।


जुबिन ने हिंदी, असमिया, बंगाली, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, पंजाबी और नेपाली जैसी कई भाषाओं में गाने गाए। संगीत के अलावा, उन्होंने फिल्मों में अभिनय और निर्देशन भी किया। असमिया फिल्म 'तुमि मोर माथो मोर' से उन्होंने निर्देशन की शुरुआत की और इसके बाद 'मिशन चाइना' और 'कंचनजंघा' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। बतौर अभिनेता, वह 'दिनबंधु', 'मोन जाय', 'रामधेनु' और 'डॉ. बेजबरुआ 2' जैसी फिल्मों में भी नजर आए। 2007 में, उन्हें फिल्म 'इकोज ऑफ साइलेंस' के लिए बेस्ट नॉन-फीचर फिल्म म्यूजिक डायरेक्शन का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला।


19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में एक यॉट ट्रिप के दौरान समुद्र में डूबने से उनका निधन हो गया। उनकी मृत्यु ने असम ही नहीं, बल्कि पूरे देश के संगीत प्रेमियों को गहरा दुख पहुंचाया।