चिरंजीवी ने अमिताभ बच्चन को उनके 84वें जन्मदिन पर दी दिल छू लेने वाली बधाई!
चिरंजीवी का भावुक संदेश
मुंबई, 11 अक्टूबर। मेगास्टार चिरंजीवी ने बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन को उनके 84वें जन्मदिन पर एक विशेष तरीके से बधाई दी। चिरंजीवी ने अमिताभ को अपना 'सबसे प्रिय गुरु जी' बताते हुए उनके सिनेमा के प्रति प्रेम और काम के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया, जिसमें कहा गया कि अमिताभ की उपलब्धियों के साथ-साथ उनका सरल स्वभाव भी उन्हें खास बनाता है।
चिरंजीवी ने अमिताभ बच्चन के साथ एक तस्वीर साझा की, जिसमें दोनों एक-दूसरे को गले लगाते हुए नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर में उनके बीच का सम्मान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। चिरंजीवी ने इस तस्वीर के साथ लिखा, 'मेरे सबसे प्रिय गुरु अमिताभ बच्चन को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। सिनेमा के प्रति आपका प्यार और अपने काम के प्रति आपका सम्मान हमेशा मेरे लिए प्रेरणा रहा है।'
उन्होंने आगे कहा, 'आपकी बड़ी उपलब्धियों से बढ़कर आपका अपनापन और विनम्रता आपको खास बनाती है। मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य, ढेर सारी खुशियों और ऐसे कई यादगार सालों की कामना करता हूं, जिनमें आप वही करते रहें, जिससे आपको लगाव है। पूरे प्यार और सम्मान के साथ, सर।'
गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन 11 अक्टूबर को अपना 84वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास अवसर पर फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारों ने उन्हें सोशल मीडिया पर बधाई दी है। उनके फैंस भी उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 'हैप्पी बर्थडे अमिताभ बच्चन' ट्रेंड कर रहा है।
चिरंजीवी और अमिताभ बच्चन के बीच की दोस्ती का रिश्ता काफी पुराना है। साल 2019 में, दोनों ने ऐतिहासिक फिल्म 'सई रा नरसिम्हा रेड्डी' में साथ काम किया था। इस फिल्म में अमिताभ ने गोसाई वेंकन्ना का किरदार निभाया था, जो चिरंजीवी के किरदार के गुरु थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चिरंजीवी अमिताभ बच्चन से इस रोल के बारे में बात करने में थोड़े झिझक रहे थे। ऐसे में उन्होंने जया बच्चन की मदद ली और उनके जरिए अमिताभ तक अपनी बात पहुंचाई। अमिताभ ने बिना देर किए फिल्म में काम करने के लिए हामी भर दी।