गिप्पी ग्रेवाल ने साझा किए संघर्ष के अनसुने किस्से, 'शेखर टुनाइट' में खोली अपनी जिंदगी की किताब
गिप्पी ग्रेवाल का सफर: संघर्ष से सफलता तक
मुंबई, 19 जून। अभिनेता शेखर सुमन का टॉक शो 'शेखर टुनाइट' हर एपिसोड में दर्शकों को मशहूर हस्तियों की जिंदगी के उन पहलुओं से परिचित कराता है, जो अक्सर मीडिया की नजरों से छिपे रहते हैं। हाल ही में, पंजाबी सुपरस्टार गिप्पी ग्रेवाल ने इस शो में अपनी अनकही कहानियों को साझा किया।
गिप्पी ग्रेवाल इन दिनों अपनी नई फिल्म 'कैरी ऑन जट्टा 4' को लेकर चर्चा में हैं। इस दौरान उन्होंने शो के होस्ट शेखर सुमन के साथ अपने संघर्षों और उस रिश्ते के बारे में बात की, जिसने उन्हें हर कठिनाई में सहारा दिया।
गिप्पी ने कहा, ''स्टारडम की यात्रा आसान नहीं थी। मैंने पहले म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा और तीन एल्बम जारी किए, लेकिन वे कोई खास पहचान नहीं बना सके। लगातार असफलताओं के बाद, मैंने शादी कर अपनी पत्नी के साथ कनाडा जाने का निर्णय लिया। वहां पहुंचकर मुझे अपनी जिंदगी को नए सिरे से शुरू करना पड़ा, क्योंकि न तो मेरी कोई पहचान थी और न ही आय का कोई साधन।''
उन्होंने आगे बताया, ''मेरी पहली नौकरी सिक्योरिटी गार्ड की थी। बाद में, मैं एक साथ तीन-तीन नौकरियों में लगा रहा। सुबह मैं और मेरी पत्नी अखबार बांटते थे, फिर वह अपने काम पर चली जाती थीं। वह एक सैंडविच रेस्टोरेंट में मैनेजर थीं। शाम को हमने एक मॉल में सफाई का कॉन्ट्रैक्ट लिया हुआ था। उस समय हम सिर्फ दो लोग थे, मैं और मेरी पत्नी। हम दोनों ने मिलकर हर मुश्किल का सामना किया।''
गिप्पी ने कहा, ''इन कठिन दिनों में हमारा रिश्ता और भी मजबूत हुआ। हम दोनों मिलकर काम करते थे और अपने भविष्य के बारे में चर्चा करते थे कि हमें क्या करना है और कैसे आगे बढ़ना है। हमने अपनी कमाई को बचाया और उसी पैसे से मैंने अपना अगला एल्बम बनाया, जिसने मुझे इंडस्ट्री में पहचान दिलाई।''
'शेखर टुनाइट' यूट्यूब पर प्रसारित होता है।