गंगा के बढ़ते जलस्तर से परेशान भागलपुर की महिलाएं कर रही हैं अनोखी प्रार्थना!
भागलपुर में गंगा का रौद्र रूप
भागलपुर, 2 सितंबर। बिहार के भागलपुर जिले में गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि और कटाव ने दियारा क्षेत्र के निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। नवगछिया अनुमंडल के राघोपुर क्षेत्र में, स्थानीय महिलाएं गंगा को शांत करने के लिए एक अनोखे तरीके से प्रार्थना कर रही हैं। वे नरकटिया बांध पर बैठकर पारंपरिक गीत गाते हुए नजर आ रही हैं।
महिलाओं का कहना है कि वे गंगा मैया से निवेदन कर रही हैं कि वह अपना रौद्र रूप शांत करें और उनके गांव को उजड़ने से बचाएं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक साथ बैठकर 'हे मैया, हे गंगा मैया, तोरा प्रणाम...' जैसे गीत गा रही हैं।
उनका मानना है कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि उनकी मां है, और इस संकट के समय में वे अपनी आस्था के माध्यम से उनसे रहम की गुहार लगा रही हैं। राघोपुर के नरकटिया बांध पर गंगा का तेज बहाव लगातार कटाव कर रहा है, जिससे बांध के किनारे की जमीन तेजी से कट रही है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, कटाव के कारण कई घर पहले ही नदी में समा चुके हैं। बांध के आसपास रहने वाले हजारों परिवारों को अब अपने आशियाने को बचाने की चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने कई परिवारों को अपने घर खाली करने के लिए कहा है। स्थानीय महिला फगुनी देवी ने कहा कि वे गंगा मैया से प्रार्थना कर रही हैं कि नदी अपना पानी समेट ले और कटाव बंद कर दे।
उन्होंने भावुक होकर कहा कि यदि कटाव नहीं रुका, तो गांव उजड़ जाएगा और लोग अपने बच्चों के साथ कहां जाएंगे। एक अन्य महिला देवी ने भी कहा कि गंगा का रूप अत्यंत रौद्र है और कटाव लगातार जारी है। महिलाएं गाना गाकर गंगा मैया से प्रार्थना कर रही हैं कि वह शांत हो जाएं, ताकि लोग अपने घरों में सुरक्षित रह सकें।
इस घटना में लोगों की धार्मिक आस्था और परंपरा का प्रदर्शन हो रहा है, वहीं बाढ़ और कटाव से उत्पन्न भय भी स्पष्ट है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुरानी पीढ़ियां प्रकृति का सम्मान करती थीं और उसकी ताकत को समझती थीं। आज भी संकट के समय वही आस्था लोगों को सहारा दे रही है।
इस बीच, प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीमें कटाव रोकने के कार्य में जुटी हुई हैं। बांध को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक संसाधन और मशीनरी लगाई गई है। विभागीय टीमें लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं। भागलपुर के शंकरपुर क्षेत्र में भी गंगा के बढ़ते जलस्तर और कटाव ने समस्याएं बढ़ा दी हैं। रेलवे लाइन के निकट स्थित चैती दुर्गा मंदिर और बजरंगबली मंदिर गंगा की तेज धारा में समा गए हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से जमीन लगातार नदी की ओर खिसक रही थी और कटाव तेज होता जा रहा था। फिलहाल, राघोपुर के नरकटिया बांध पर गंगा का रौद्र रूप लोगों के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है। एक ओर प्रशासन तकनीकी उपाय कर रहा है, वहीं दूसरी ओर महिलाएं गीत और प्रार्थना के माध्यम से गंगा मैया से अपने गांव और परिवारों पर दया करने की गुहार लगा रही हैं.