क्रांतिकारियों की कहानियों को पर्दे पर जीवंत करती हैं ये बॉलीवुड फिल्में
क्रांतिकारियों का जुनून: बॉलीवुड की प्रेरणादायक फिल्में
मुंबई, 15 अगस्त। बॉलीवुड ने स्वतंत्रता संग्राम के नायकों की कहानियों को बड़े पर्दे पर जीवंत किया है, जिन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ खड़े होने का साहस दिखाया। 'द लीजेंड ऑफ भगत सिंह' और 'मंगल पांडे: द राइजिंग' जैसी फिल्में इस क्रांति की भावना को दर्शाती हैं।
इसके अलावा, 'मणिकर्णिका' में रानी लक्ष्मीबाई की वीरता को दर्शाया गया है, जबकि 'नेताजी सुभाष चंद्र बोस: द फॉरगॉटेन हीरो' में आजाद हिंद फौज के गठन का जज़्बा दिखाया गया है। ये फिल्में केवल स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास नहीं, बल्कि उन नायकों के संघर्ष और बलिदान की गाथा भी प्रस्तुत करती हैं।
द लीजेंड ऑफ भगत सिंह: राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित 2002 की 'द लीजेंड ऑफ भगत सिंह' में अजय देवगन ने भगत सिंह का किरदार निभाया। यह फिल्म उनके बचपन से लेकर उनके क्रांतिकारी जीवन और फांसी तक की यात्रा को दर्शाती है। इसमें भगत सिंह की बहादुरी और उनके साथियों का बलिदान भी प्रमुखता से दिखाया गया है।
मंगल पांडे: द राइजिंग: केतन मेहता की इस फिल्म में आमिर खान ने 1857 के विद्रोह के नायक मंगल पांडे का किरदार निभाया। फिल्म में रानी मुखर्जी और अमीषा पटेल भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। यह कहानी उस समय की है जब ईस्ट इंडिया कंपनी के भारतीय सैनिक अंग्रेजों की नीतियों से परेशान थे। मंगल पांडे का विद्रोह धीरे-धीरे एक बड़े आंदोलन का हिस्सा बन जाता है।
मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी: कंगना रनौत की इस फिल्म में रानी लक्ष्मीबाई की वीरता को दर्शाया गया है। कंगना ने न केवल रानी का किरदार निभाया, बल्कि फिल्म का निर्देशन भी किया। यह कहानी रानी के बचपन से लेकर झांसी की रानी बनने और अंग्रेजों के खिलाफ युद्ध लड़ने तक की है।
सरदार: केतन मेहता की 1993 में आई 'सरदार' में परेश रावल ने सरदार वल्लभभाई पटेल का किरदार निभाया। यह फिल्म आजादी के बाद देश को एकजुट करने में पटेल की भूमिका पर केंद्रित है।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस: द फॉरगॉटेन हीरो: श्याम बेनेगल की इस फिल्म में सचिन खेडेकर ने नेताजी का किरदार निभाया। यह फिल्म नेताजी के जीवन के उस दौर पर केंद्रित है जब उन्होंने भारत से बाहर रहकर आजादी की लड़ाई को आगे बढ़ाने की कोशिश की।
गांधी: रिचर्ड एटनबरो की 1982 में आई 'गांधी' एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित फिल्म है। इसमें बेन किंग्सले ने महात्मा गांधी का किरदार निभाया। यह फिल्म गांधी के दक्षिण अफ्रीका के दिनों से लेकर भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका को दर्शाती है।