क्यों है कपूर परिवार के लिए गणेश चतुर्थी एक खास पर्व? करिश्मा कपूर ने साझा की यादें
गणेश चतुर्थी का कपूर परिवार में महत्व
मुंबई, 11 सितंबर। फिल्म उद्योग में कपूर परिवार के लिए गणेश चतुर्थी हमेशा से एक महत्वपूर्ण त्योहार रहा है। पहले आरके स्टूडियो में गणपति बप्पा का भव्य स्वागत किया जाता था, जिसमें फिल्मी सितारों के साथ-साथ स्टूडियो के कर्मचारी और आस-पड़ोस के लोग भी शामिल होते थे। कपूर परिवार ने इस परंपरा को अपने घरों में आज भी जीवित रखा है। हाल ही में करिश्मा कपूर ने इस पुरानी याद को साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि उनके दादा, प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राज कपूर के समय आरके स्टूडियो में गणेश चतुर्थी कैसे मनाई जाती थी।
करिश्मा कपूर ने ये यादें सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' के एक विशेष एपिसोड में साझा कीं। उन्होंने कहा, ''गणेश चतुर्थी आरके स्टूडियो में कई वर्षों से मनाई जाती थी और यह बहुत प्रसिद्ध थी। सभी स्टाफ और आस-पड़ोस के लोग आते थे। दादाजी के निधन के बाद वहां गणेश चतुर्थी का आयोजन बंद हो गया, लेकिन कपूर परिवार के घरों में यह उत्सव आज भी मनाया जाता है। यह हमारे परिवार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और हम सभी, चाहे कहीं भी हों, इन 10 दिनों में बप्पा के दर्शन करने जरूर जाते हैं।''
करिश्मा की बात सुनकर शो में मौजूद अभिनेत्री अमृता खानविलकर ने भी गणपति बप्पा के साथ भक्तों के विशेष संबंध पर अपने विचार साझा किए। अमृता ने कहा कि भगवान गणेश के साथ लोगों का रिश्ता अन्य देवी-देवताओं की तुलना में अधिक अपनापन भरा होता है।
अमृता ने कहा, ''बप्पा ही एक ऐसे भगवान हैं, जिन्हें हम दोस्त और भाई के रूप में बुलाते हैं। आमतौर पर भारतीय परिवारों में बड़े भाई या माता-पिता से बात करते समय सम्मान के लिए 'आप' कहा जाता है, लेकिन गणपति बप्पा के साथ भक्तों का रिश्ता इतना सहज है कि उन्हें प्यार से अपना मानकर बुलाया जाता है। लोग प्यार से कहते हैं 'बप्पा, हा माझा बप्पा आहे' (बप्पा मेरे हैं)। यही अपनापन गणपति उत्सव को खास बनाता है। गणपति बप्पा मेरे दोस्त, भाई, भगवान और परिवार का हिस्सा हैं।''
गणेश चतुर्थी के इस उत्साह और भक्ति को 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' के विशेष एपिसोड में भी देखा जा सकेगा। यह एपिसोड शनिवार और रविवार को सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित होगा।