क्या है ‘अर्जुन बेवकूफ’ की कहानी? जानें संजय मिश्रा और टीम का नया प्रोजेक्ट
‘अर्जुन बेवकूफ’ की शूटिंग का आगाज
मुंबई, 20 मार्च। अभिनेता संजय मिश्रा, राजेश तैलंग और डॉली सिंह अब एक नई स्वतंत्र फिल्म ‘अर्जुन बेवकूफ’ में दिखाई देंगे। इस नियो-नोयर डार्क कॉमेडी की शूटिंग शुक्रवार से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आरंभ हो चुकी है। यह फिल्म इंडी सिनेमा का एक अनोखा प्रोजेक्ट है, जो सस्पेंस और डार्क कॉमेडी का दिलचस्प मिश्रण पेश करेगी।
फिल्म का निर्देशन स्मिता सिंह कर रही हैं, जबकि इसके सह-निर्माता आनंद राज हैं। यह फिल्म ‘अंडमान’ की टीम को फिर से एक साथ लाती है, जिसे अपनी कहानी और अभिनय के लिए काफी सराहा गया था।
‘अर्जुन बेवकूफ’ नियो-नोयर शैली में बनाई जा रही है, जिसमें सस्पेंस, डार्क ह्यूमर और ट्विस्ट का समावेश है। जानकारी के अनुसार, फिल्म का अधिकांश हिस्सा प्रयागराज में शूट किया जाएगा, और टीम का मानना है कि यह दर्शकों को एक नया अनुभव प्रदान करेगी।
निर्माताओं के अनुसार, इस फिल्म का उद्देश्य न केवल मनोरंजन करना है, बल्कि भारतीय इंडिपेंडेंट सिनेमा की सीमाओं को चुनौती देना और नई कहानी कहने के तरीके को अपनाना भी है। इसे 8 पिलर्स मोशन पिक्चर्स द्वारा प्रोड्यूस किया जा रहा है। फिल्म में संजय मिश्रा, राजेश तैलंग और डॉली सिंह मुख्य भूमिकाओं में होंगे। ये कलाकार फिल्म में एक नए अंदाज में नजर आएंगे। शूटिंग शुक्रवार सुबह से मुख्य कलाकारों और क्रू के साथ शुरू हुई, और टीम ने सख्त शेड्यूल बनाया है ताकि फिल्म समय पर पूरी हो सके।
निर्माताओं ने बताया कि ‘अर्जुन बेवकूफ’ इंडी फिल्ममेकिंग की पारंपरिक सोच को तोड़ने का प्रयास है। यह एक मनोरंजक कहानी है, जिसमें कॉमेडी और सस्पेंस का सही संतुलन है। संजय मिश्रा अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और विभिन्न किरदारों के लिए जाने जाते हैं। उनकी फिल्मों में ‘आंखों देखी’, ‘मसान’ और ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’ जैसी हिट शामिल हैं।
राजेश तैलंग को ‘देव’, ‘मुक्काबाज’ और वेब सीरीज ‘दिल्ली क्राइम’ में उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए सराहा गया है। वहीं, डॉली सिंह डिजिटल कंटेंट क्रिएटर के रूप में प्रसिद्ध हुईं और उन्होंने ‘मॉडर्न लव मुंबई’ और ‘डबल एक्सएल’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया है।