क्या है हेमा मालिनी का राजनीतिक सफर? उत्तराखंड के सीएम से मुलाकात ने बढ़ाई चर्चा!
सीएम धामी और हेमा मालिनी की मुलाकात
नई दिल्ली, 27 अप्रैल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसिद्ध अभिनेत्री और मथुरा से सांसद हेमा मालिनी से मुलाकात की। इस खास अवसर की तस्वीरें सीएम धामी ने अपने सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिसमें वह हेमा मालिनी को एक उपहार बैग देते हुए नजर आ रहे हैं। हेमा मालिनी भी इस उपहार को सम्मानपूर्वक स्वीकार कर रही हैं, और दोनों के चेहरे पर हल्की मुस्कान देखी जा सकती है।
यह मुलाकात नई दिल्ली में उत्तराखंड निवास पर हुई। इस तस्वीर को साझा करते हुए उन्होंने लिखा, ''नई दिल्ली के उत्तराखंड निवास में अभिनेत्री और मथुरा की माननीय सांसद हेमा मालिनी जी से भेंट हुई। इस अवसर पर उन्हें उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के अम्ब्रेला ब्रांड 'हाउस ऑफ हिमालयाज' के उत्पाद उपहार में दिए गए।''
हेमा मालिनी के राजनीतिक सफर की बात करें, तो उन्होंने फिल्म उद्योग से लेकर राजनीति तक एक लंबा और सफल सफर तय किया है। वे भारतीय सिनेमा की उन चुनिंदा अभिनेत्रियों में से हैं, जिन्होंने लंबे समय तक पर्दे पर राज किया और फिर राजनीति में भी अपनी पहचान बनाई। वे पिछले लगभग 20 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी हुई हैं और राजनीति में सक्रिय हैं।
हेमा मालिनी ने 2003 में राज्यसभा से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। इसके बाद, उन्होंने पार्टी के लिए लगातार सक्रिय योगदान दिया। 2011 में उन्हें एक बार फिर राज्यसभा के लिए चुना गया।
2014 में, उन्होंने पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा और उत्तर प्रदेश की मथुरा सीट से जीत हासिल की। यह उनके राजनीतिक करियर का एक महत्वपूर्ण मोड़ था, क्योंकि पहली बार में ही उन्हें जनता का समर्थन मिला। इसके बाद, 2019 में भी वे इसी सीट से दोबारा लोकसभा सदस्य चुनी गईं।
आगामी 2024 के चुनाव में भी उन्होंने मथुरा सीट से जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक पकड़ को और मजबूत किया।
--News Media
पीके/वीसी