क्या है सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की नई फिल्म 'तू है मेरी किरण' का राज़?
फिल्म 'तू है मेरी किरण' का ट्रेलर हुआ रिलीज
मुंबई, 6 अक्टूबर। सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की नई फिल्म 'तू है मेरी किरण' का ट्रेलर हाल ही में जारी किया गया है। इस ट्रेलर में एकतरफा प्रेम और जुनून की कहानी को थ्रिल और सस्पेंस के साथ दर्शाया गया है। कहानी में कई ऐसे मोड़ हैं जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देते हैं कि पर्दे के पीछे असल में क्या चल रहा है।
ट्रेलर में सोनाक्षी और जहीर के किरदारों के विभिन्न पहलुओं को दिखाया गया है। फिल्म के निर्माता अभी भी कहानी के बड़े रहस्य को छिपाए हुए हैं।
विशाल राणा और इशेलॉन प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित इस फिल्म का निर्देशन करण रावल ने किया है। ट्रेलर में सोनाक्षी सिन्हा किरण नाम की लड़की का किरदार निभा रही हैं, जिसे जहीर इकबाल का किरदार गहरी मोहब्बत करता है। वह उसे अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहता है और इसके लिए उस पर दबाव डालता है।
सोनाक्षी ने अपने किरदार के बारे में कहा, 'तू है मेरी किरण' मेरे लिए एक अनोखी फिल्म है, और इसलिए यह मेरे लिए बहुत रोमांचक है। मुझे इस फिल्म की वह दुनिया बहुत पसंद आई, जहां एक साधारण भावना धीरे-धीरे गहरी और खतरनाक बन जाती है। मेरे किरदार का सफर असामान्य है और इसमें कई परतें हैं, जिन्हें निभाना दिलचस्प रहा।
उन्होंने आगे कहा, 'फिल्म दर्शकों को बांधे रखती है और जो कुछ भी स्क्रीन पर हो रहा है, उसकी सच्चाई पर सवाल उठाती है। मैं चाहती हूं कि दर्शक इस दुनिया का हिस्सा बनें और सिनेमाघरों में 'तू है मेरी किरण' का अनुभव करें।'
जहीर इकबाल ने भी इस फिल्म को अपने लिए खास बताया और कहा, 'कहानी में एकतरफा प्यार को जिस तरह से प्रस्तुत किया गया है, वही मुझे सबसे ज्यादा आकर्षित करता है। यह एक ऐसी भावना है जो शुरुआत में गहरी लगती है और आगे चलकर एक मोड़ लेती है। फिल्म में रहस्य और सस्पेंस बना रहता है, और दर्शक जानने की कोशिश करेंगे कि असल में कहानी के पीछे क्या छिपा है। अपने किरदार की विभिन्न परतों को समझना और उन्हें पर्दे पर लाना एक खास अनुभव रहा।'
उन्होंने सोनाक्षी के साथ काम करने को भी विशेष बताया। 'तू है मेरी किरण' फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।