क्या है संजू राठौड़ का नया गाना 'बैंगल्स' जो बना रहा है धूम?
संजू राठौड़ का नया म्यूजिक ट्रैक 'बैंगल्स'
मुंबई, 20 अप्रैल। वर्तमान में म्यूजिक इंडस्ट्री में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां विभिन्न शैलियों और संस्कृतियों का संगम नए गानों का निर्माण कर रहा है। विशेष रूप से, क्षेत्रीय संगीत अब देश और विदेश में अपनी पहचान बना रहा है। इसी क्रम में, मराठी पॉप म्यूजिक भी तेजी से लोकप्रियता हासिल कर रहा है। कुछ कलाकार अपने अनोखे अंदाज से दर्शकों का दिल जीतने में सफल हो रहे हैं।
इनमें से एक हैं संजू राठौड़, जो अपने विशेष म्यूजिक स्टाइल के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने अपने नए गाने 'बैंगल्स' के साथ फिर से सुर्खियां बटोरी हैं।
इस गाने में संजू राठौड़ के साथ ईशा मालवीय भी नजर आ रही हैं। इससे पहले, दोनों की जोड़ी 'शेकी शेकी' गाने में भी देखी गई थी, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा था। 'बैंगल्स' के जरिए इनकी केमिस्ट्री एक बार फिर से दर्शकों के सामने आई है।
गाने की सबसे खास बात इसका म्यूजिक है, जिसमें रेगे और मराठी लोक संगीत का अनोखा मिश्रण देखने को मिलता है। यह गाना सुनने में जितना आधुनिक है, उतना ही अपनी जड़ों से भी जुड़ा हुआ है।
संजू राठौड़ ने इस गाने के बारे में कहा, ''मैं कुछ ऐसा बनाना चाहता था जो मजेदार हो, अपनी संस्कृति से जुड़ा हो और सुनते ही लोगों के दिलों में बस जाए। मुझे लगता है कि मैं इस प्रयास में सफल रहा। ईशा मालविया के साथ दोबारा काम करना मेरे लिए खास अनुभव रहा, क्योंकि हमारी पहले से अच्छी बॉंडिंग है। इसके अलावा, पीयूष और शाजिया के साथ काम करने से गाने में नई ऊर्जा आई है।''
संजू राठौड़ के करियर की बात करें तो उन्हें असली पहचान 2024 में आए उनके वायरल गाने 'गुलाबी साड़ी' से मिली थी। इसके बाद उन्होंने 'काली बिंदी' और 'सुंदरी' जैसे कई हिट गाने दिए हैं। उनका म्यूजिक खास इसलिए है क्योंकि वह पारंपरिक मराठी लोक धुनों को आधुनिक पॉप और अन्य अंतरराष्ट्रीय शैलियों के साथ मिलाकर प्रस्तुत करते हैं। यही कारण है कि उनके गाने युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं।