×

क्या है शिल्पा शेट्टी का नया गणपति उत्सव का अंदाज? जानें इस साल के खास बदलाव के बारे में!

बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी कुंद्रा ने इस साल गणपति उत्सव में एक नया बदलाव किया है। उन्होंने पारंपरिक मूर्तियों के बजाय पेपर माशे से बनी इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा का स्वागत किया। शिल्पा ने अपने परिवार के साथ इस उत्सव को मनाते हुए बच्चों के लिए एक विशेष वर्कशॉप का आयोजन भी किया। जानें इस उत्सव के बारे में और कैसे शिल्पा ने पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया है।
 

शिल्पा शेट्टी का गणपति उत्सव

मुंबई, 16 सितंबर। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी कुंद्रा हर साल गणपति उत्सव को भक्ति और उत्साह के साथ मनाती हैं। उनके घर में गणपति बप्पा का स्वागत एक पारिवारिक परंपरा बन चुका है। इस वर्ष भी शिल्पा ने अपने पति राज कुंद्रा और बच्चों के साथ बप्पा का स्वागत किया, लेकिन इस बार उनके उत्सव में एक विशेष बदलाव देखने को मिला।


शिल्पा ने प्लास्टर ऑफ पेरिस या सामान्य मिट्टी की मूर्तियों के बजाय पेपर माशे से बनी इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा को अपने घर लाया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर बताया कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता के चलते उनका परिवार पिछले कुछ वर्षों से गणपति की प्रतिमा में बदलाव कर रहा है।


इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में शिल्पा पारंपरिक परिधान में नजर आईं। वह अपने पति और बच्चों के साथ विधिपूर्वक गणपति विसर्जन करते हुए दिखाई दीं। बच्चों को इको-फ्रेंडली गणेश मूर्तियां बनाते हुए भी देखा गया। वीडियो में गणपति की पूजा और अन्य धार्मिक गतिविधियों की झलक भी देखने को मिली।


वीडियो के साथ शिल्पा ने लिखा, ''बप्पा को घर लाने का यह हमारा 17वां साल है, जिसे हम श्रद्धा और प्रेम के साथ मनाते हैं। पिछले 10 वर्षों में हमने प्लास्टर ऑफ पेरिस से मिट्टी की मूर्तियों की ओर कदम बढ़ाया और इस साल एक और कदम आगे बढ़ाते हुए पेपर माशे से बनी मूर्तियों को घर लाए।''


अभिनेत्री ने कहा, ''पर्यावरण के अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने में अधिक मेहनत लगती है, लेकिन यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम भगवान के साथ-साथ अपने पर्यावरण का भी ध्यान रखें।''


शिल्पा ने आगे बताया, ''इस साल हमने बच्चों के लिए एक इको-फ्रेंडली गणपति वर्कशॉप का आयोजन किया, जिसमें बच्चों ने खुद पर्यावरण के अनुकूल गणेश प्रतिमाएं बनाने की कोशिश की। मैं चाहती हूं कि बच्चे इन मूल्यों को समझें और इन्हें अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। बप्पा आपके परिवारों को खुशी, शांति और सफलता का आशीर्वाद दें। गणपति बप्पा मोरया।''