क्या है 'राहु केतु' के ट्रेलर में खास? पुलकित और वरुण की जोड़ी ने मचाई धूम!
फिल्म 'राहु केतु' का ट्रेलर हुआ रिलीज
मुंबई, 6 जनवरी। जब फिल्मी दुनिया में हास्य, हल्की पागलपन और संदेश का संगम होता है, तो दर्शकों की जिज्ञासा अपने आप बढ़ जाती है। इसी तरह की जिज्ञासा फिल्म 'राहु केतु' के ट्रेलर ने उत्पन्न की है। पुलकित सम्राट, वरुण शर्मा और शालिनी पांडे अभिनीत इस फिल्म का ट्रेलर मंगलवार को जारी किया गया। पौराणिक नाम, आधुनिक सेटिंग और देसी कॉमेडी का तड़का ट्रेलर को मजेदार बनाता है।
इस ट्रेलर की अवधि लगभग 3 मिनट 7 सेकंड है और इसकी शुरुआत पीयूष मिश्रा की दिलचस्प आवाज से होती है। वह हिमाचल के खूबसूरत कुल्लू शहर का जिक्र करते हुए कहानी सुनाते हैं और फिर दो किरदारों का परिचय देते हैं, जिन्हें वह मजाकिया अंदाज में 'दो उल्लू' कहते हैं, यानी राहु और केतु। इसके बाद वरुण शर्मा और पुलकित सम्राट की एंट्री होती है।
वरुण और पुलकित की केमिस्ट्री ट्रेलर में शानदार नजर आई। दोनों ऐसे दोस्तों के रूप में दिखे, जो जहां भी जाते हैं, वहां कुछ न कुछ गड़बड़ जरूर होती है। उनकी मासूम शरारतें बड़ी मुसीबतों का कारण बनती हैं। उनकी बातचीत और बॉडी लैंग्वेज कई जगह उनकी पिछली हिट कॉमेडी फिल्मों की याद दिलाती हैं।
जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, यह संकेत देती है कि राहु और केतु की ये उलटी-सीधी हरकतें किसी बड़े सच को उजागर करने वाली हैं। भ्रष्टाचार, सिस्टम की खामियां, और ताकतवर लोगों की पोल खुलने जैसी बातें ट्रेलर में हल्के-फुल्के अंदाज में दिखाई गई हैं।
शालिनी पांडे का ट्रेलर में स्क्रीन टाइम भले ही कम था, लेकिन उनकी उपस्थिति ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। उनका किरदार ग्लैमर और आत्मविश्वास से भरा हुआ नजर आया।
सपोर्टिंग कास्ट में कई जाने-पहचाने चेहरे शामिल हैं। पीयूष मिश्रा अपने अनोखे अंदाज में कहानी को गहराई देते हैं। अमित सियाल पुलिस अधिकारी के रूप में नजर आए, जबकि चंकी पांडे और मनु ऋषि जैसे कलाकार भी दिखाई दिए।
इस फिल्म का निर्देशन विपुल विग ने किया है और यह 16 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।