क्या है 'राणाबाली' का राज? विजय और रश्मिका की जोड़ी से दर्शकों को मिलेगी नई कहानी!
फिल्म 'राणाबाली' का टीजर हुआ रिलीज
मुंबई, 09 सितंबर (वेब वार्ता)। विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'राणाबाली' का टीजर हाल ही में जारी किया गया है। यह पीरियड ड्रामा माइथ्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बनाई गई है, जो भारतीय इतिहास के एक ऐसे महत्वपूर्ण समय को दर्शाने का प्रयास करती है, जिसे अक्सर भुला दिया गया है। फिल्म में विजय 'राणाबाली' के किरदार में नजर आएंगे, जो रायालसीमा की भूमि से जुड़ा है, जबकि रश्मिका उनकी पत्नी और संघर्ष की साथी जायम्मा की भूमिका निभा रही हैं। इस फिल्म में हॉलीवुड अभिनेता अर्नोल्ड वॉस्लू ने अत्याचारी अंग्रेज सर थियोडोर हेक्टर का किरदार निभाया है।
कहानी 1876-1878 के बीच मद्रास और दक्षिण भारत में आए भीषण अकाल की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की जान गई थी। औपनिवेशिक नीतियों को इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। 'राणाबाली' इसी संकट और उसके बाद भारत के संघर्ष को दर्शाने का प्रयास करती है। टीजर में उस समय की भयावह परिस्थितियों और लोगों के संघर्ष को दिखाया गया है, जो फिर से उठ खड़े होते हैं। फिल्म में रायालसीमा की संस्कृति, भाषा, और स्थानीय अंदाज को प्रामाणिकता के साथ पेश करने की कोशिश की गई है।
राहुल संकृत्यायन के निर्देशन में बनी 'राणाबाली' में विजय और रश्मिका की जोड़ी एक बार फिर साथ नजर आएगी, लेकिन इस बार उनका अवतार पहले से अधिक अलग और रॉ बताया जा रहा है। टीजर में अजय-अतुल का संगीत भी इसे और प्रभावशाली बनाता है। फिल्म अच्छाई और बुराई के संघर्ष और बुराई पर अच्छाई की जीत की थीम को भी उजागर करती है। यह फिल्म अक्टूबर में फेस्टिव सीजन के दौरान बड़े पैमाने पर सिनेमाघरों में रिलीज होने की योजना बना रही है।