क्या है 'मासूम: द न्यू जेनरेशन' में एआर रहमान का खास योगदान?
शेखर कपूर और एआर रहमान का नया प्रोजेक्ट
मुंबई, 30 मई। प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक शेखर कपूर ने एक बार फिर एआर रहमान के साथ मिलकर नई फिल्म 'मासूम: द न्यू जेनरेशन' पर काम शुरू किया है। इस फिल्म में रहमान न केवल संगीत देंगे, बल्कि को-प्रोड्यूसर के रूप में भी शामिल होंगे।
इससे पहले, ये दोनों मिलकर 'एलिजाबेथ - द गोल्डन एज', 'बॉम्बे ड्रीम्स' और 'वाई द म्यूजिक' जैसे कई सफल अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स पर काम कर चुके हैं।
शेखर कपूर ने 'मासूम' के विषयों को आज के परिप्रेक्ष्य में देखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "आज के समय में परिवार, रिश्ते और पहचान के मायने काफी बदल गए हैं। रहमान का संगीत कहानी की आत्मा को छूने की क्षमता रखता है, और उनका साथ इस सफर को और भी खास बनाता है।"
एआर रहमान ने को-प्रोड्यूसर के रूप में अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, "शेखर के साथ काम करना हमेशा अद्भुत होता है। जब उन्होंने इस फिल्म के बारे में बताया, तो मैंने महसूस किया कि मुझे सिर्फ संगीत तक सीमित नहीं रहना चाहिए। 'मासूम' में कुछ ऐसा है जो कभी पुराना नहीं होता। इसे नई पीढ़ी के लिए नए तरीके से पेश करना जरूरी है।"
यह फिल्म शेखर कपूर की 1983 की क्लासिक फिल्म 'मासूम' से प्रेरित है, और यह आज के दृष्टिकोण से पहचान, परिवार, प्यार और माइग्रेशन जैसे मुद्दों को दर्शाएगी। साथ ही, यह उस इमोशनल पहलू को भी बनाए रखेगी, जिसने मूल फिल्म को हर पीढ़ी के दर्शकों के दिलों में जगह दी।
फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी, मनोज बाजपेयी, नित्या मेनन और कावेरी कपूर जैसे कई प्रसिद्ध कलाकार शामिल होंगे।