क्या है 'मस्कारा' गाने में शरवरी वाघ का जादू? जानें इम्तियाज अली के साथ उनके अनुभव
शरवरी वाघ की नई फिल्म 'क्या कमाल है' और गाना 'मस्कारा'
मुंबई, 9 मई। अभिनेत्री शरवरी वाघ इन दिनों अपनी नई फिल्म 'क्या कमाल है' के लिए चर्चा में हैं। इस फिल्म में वह 'जिया' नामक एक संवेदनशील और महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। हाल ही में, फिल्म का नया गाना 'मस्कारा' रिलीज हुआ है, जिसमें शरवरी का अंदाज पुराने बॉलीवुड हीरोइनों के रोमांस की याद दिलाता है।
इंस्टाग्राम पर, शरवरी ने गाने की शूटिंग के बीटीएस पल साझा किए। उन्होंने इम्तियाज अली के साथ अपने अनुभव को साझा करते हुए लिखा, "इम्तियाज अली सर और मैं इसे 'किस-मिस यारा' कहते थे। यह एक मजेदार शब्द है, जो पहली बार प्यार में पड़ने की हल्की सी गुदगुदाहट को दर्शाता है।"
अभिनेत्री ने आगे कहा, "मेरा किरदार 'जिया' कई बार इसी 'किस-मिस' एहसास से गुजरता है। गाने में मेरा नटखट और शरारती अंदाज दर्शकों को भा रहा है।"
शरवरी ने इम्तियाज अली की तारीफ करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने उन्हें अपनी परफॉर्मेंस की बारीकियों को समझने में मदद की। उन्होंने लिखा, "मैंने आपसे भावनाओं और कहानी कहने के तरीके के बारे में बहुत कुछ सीखा है। आपके मार्गदर्शन के लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगी।"
'मस्कारा' गाने में शरवरी का लुक बेहद क्लासी है। इस गाने में उनका नटखट और शरारती अंदाज भी देखने को मिलता है। गाना अपनी रोमांटिक धुन और शानदार केमिस्ट्री के लिए सोशल मीडिया पर छा गया है। इसे वेदांग रैना और नीलांजना घोष दस्तीदार ने गाया है, जबकि संगीत ए.आर. रहमान ने दिया है और बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं।
गाने के वीडियो में वेदांग रैना और शरवरी वाघ की जोड़ी नजर आ रही है, जिनकी मासूम प्रेम कहानी और केमिस्ट्री को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। 'मस्कारा' एक सॉफ्ट रोमांटिक गाना है, जो जवानी के प्यार, मासूम शरारत और जज्बातों को खूबसूरती से दर्शाता है।
फिल्म में शरवरी का किरदार 'जिया' और वेदांग रैना का किरदार 'कीनू' समय और दूरी से आकार लिए हुए प्यार को दर्शाते हैं।