×

क्या है मर्दानी 3 का जादू? जानें रानी मुखर्जी की नई फिल्म का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर

रानी मुखर्जी की नई फिल्म 'मर्दानी 3' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 18 जुलाई को सोनी मैक्स पर होने वाला है। इस फिल्म में रानी एक बार फिर पुलिस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय की भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म की कहानी लापता लड़कियों के रहस्यमय मामले की जांच पर आधारित है। जानें इस फिल्म के बारे में और क्या खास है जो इसे दर्शकों के लिए रोमांचक बनाता है।
 

मर्दानी 3 का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर



मुंबई, 01 जुलाई (वेब वार्ता)। रानी मुखर्जी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मर्दानी 3' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 18 जुलाई को रात 8 बजे सोनी मैक्स पर होने जा रहा है। इस फिल्म में रानी मुखर्जी एक बार फिर पुलिस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय की भूमिका में नजर आएंगी, जो भारत की चर्चित फीमेल कॉप फ्रेंचाइज़ी का हिस्सा है।


इस फिल्म का निर्देशन अभिराज मीनावाला ने किया है और इसे यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनाया गया है। फिल्म में जानकी बोदीवाला और मल्लिका प्रसाद भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। कहानी लापता लड़कियों के एक रहस्यमय मामले की जांच पर आधारित है, जिसमें शिवानी शिवाजी रॉय एक खतरनाक अपराधी नेटवर्क का पर्दाफाश करती हैं। दर्शकों को इस फिल्म में एक्शन, सस्पेंस और भावनात्मक घटनाक्रम का मिश्रण देखने को मिलेगा।


रानी मुखर्जी ने बताया कि 'मर्दानी' उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि यह समाज में हो रहे गंभीर अपराधों के खिलाफ एक सशक्त आवाज़ है। उन्होंने कहा कि 'मर्दानी 3' की कहानी शूटिंग के बाद भी उनके साथ जुड़ी रही और इसका संदेश आज पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक है।


उन्होंने यह भी कहा कि सोनी मैक्स पर फिल्म का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर उनके लिए खास महत्व रखता है, क्योंकि इससे फिल्म का संदेश, एक्शन और भावनात्मक पहलू देशभर के दर्शकों तक पहुंचेगा। 18 जुलाई को प्रसारित होने वाला यह प्रीमियर दर्शकों को रोमांच, न्याय और साहस से भरपूर सिनेमाई अनुभव प्रदान करेगा।