क्या है 'भूत बंगला' का राज? अक्षय कुमार की नई फिल्म का ट्रेलर हुआ रिलीज!
फिल्म 'भूत बंगला' का ट्रेलर हुआ लॉन्च
मुंबई, 6 अप्रैल। अक्षय कुमार, वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव की नई फिल्म 'भूत बंगला' का ट्रेलर हाल ही में जारी किया गया है, जो हास्य और डर का अनोखा मिश्रण पेश करता है।
इस ट्रेलर में राजपाल यादव और परेश रावल की कॉमेडी ने दर्शकों को पुराने दिनों की याद दिला दी है। शुरुआत में ट्रेलर मजेदार है, लेकिन जैसे-जैसे आगे बढ़ता है, दर्शकों की सांसें थम जाती हैं, क्योंकि 'वधुसूर' की एंट्री होती है, जो चमगादड़ों की सेना के साथ फिर से जीवित हो जाता है।
अक्षय कुमार ने इस फिल्म का ट्रेलर साझा करते हुए बताया कि वह एक शादी के लिए एक शापित महल का चयन करते हैं। लेकिन जब वह महल में पहुंचते हैं, तो उन्हें पता चलता है कि वहां एक भूत है। शुरुआत में अक्षय इसे नकारते हैं, लेकिन ट्रेलर के अंत में वधुसूर की एंट्री सबको चौंका देती है। फिल्म में तब्बू का किरदार भी दिलचस्प मोड़ लेता है, ऐसा लगता है कि वह ही वधुसूर को पुनर्जीवित कर रही हैं।
वधुसूर एक भूत है, जिसे महल के एक कमरे में कई सालों से बंद रखा गया था, लेकिन कोई ऐसा है जो उसे फिर से जीवित करना चाहता है। फिल्म में हॉरर और कॉमेडी के कई दृश्य हैं। राजपाल यादव एक बार फिर 'चुप चुप के' के 'वन्द्या' की तरह नजर आ रहे हैं, जबकि परेश रावल की कॉमिक टाइमिंग भी बेहतरीन है। कुल मिलाकर, अक्षय कुमार, परेश रावल और राजपाल यादव की तिकड़ी दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर देगी।
अक्षय कुमार ने ट्रेलर के साथ लिखा, "भूत बंगला में आपका स्वागत है। यहां लोग सामान्य नहीं हैं और बंगला भी पैरानॉर्मल है। अपने जोखिम पर आइए।" यह फिल्म 16 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, और मेकर्स ने इस बार शो का पेड-प्रीव्यू रखा है, जिसमें पहला शो रात 9 बजे होगा।
गौरतलब है कि 19 साल बाद अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी एक बार फिर सिनेमा में वापसी कर रही है। दोनों ने पहले 'हेरा फेरी', 'गरम मसाला' और 'भूल भुलैया' जैसी सफल फिल्मों में साथ काम किया है। अब 'भूत बंगला' के साथ यह जोड़ी फिर से दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है।