क्या है फिल्म 'धुरंधर' की कहानी? यामी गौतम ने ट्रेलर की तारीफ में क्या कहा?
फिल्म 'धुरंधर' का ट्रेलर हुआ रिलीज
मुंबई, 21 नवंबर। सच्ची घटनाओं पर आधारित एक्शन से भरपूर फिल्म 'धुरंधर' अगले महीने दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है। हाल ही में इसके निर्माताओं ने ट्रेलर जारी किया है, जो दर्शकों के बीच काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। अभिनेत्री यामी गौतम ने इस ट्रेलर को अद्भुत और अविस्मरणीय बताया है।
यामी गौतम ने साझा किया कि उन्होंने ट्रेलर को कई बार देखा है और हर बार इसे देखकर हैरान रह जाती हैं। वह अपने पति और फिल्म के निर्देशक आदित्य धर की प्रशंसा करने से नहीं चूक रही हैं।
इंस्टाग्राम पर यामी ने ट्रेलर की सराहना करते हुए एक विस्तृत पोस्ट लिखा। उन्होंने कहा, “मैंने इस ट्रेलर को कई बार देखा है और अभी भी इसे भूल नहीं पा रही हूं। आप हमेशा ऐसे ही कमाल करते हैं। पागलपन असली है… हाइप बिल्कुल रियल है… उड़ान सबसे ऊंची हो ‘धुरंधर’।"
अपने पति आदित्य धर को विशेष बधाई देते हुए यामी ने लिखा, “मैं आपकी सबसे बड़ी फैन हूं आदित्य धर। पूरी टीम और मेरे 'वंडर बॉय’ को ढेरों बधाई। इस प्रतिभाशाली टीम ने जो काम किया है, वह सच में शानदार है।”
फिल्म 'धुरंधर' एक हाई-ऑक्टेन स्पाई एक्शन थ्रिलर है, जो रिसर्च एंड एनालिसिस विंग के गुप्त ऑपरेशन्स पर आधारित है। यह कहानी असली घटनाओं से प्रेरित है, जिसमें अंडरवर्ल्ड, देशभक्ति, धोखे और जासूसी का तड़का है।
आदित्य धर ने न केवल फिल्म का निर्देशन किया है, बल्कि इसे लिखा और सह-निर्माण भी किया है। ज्योति देशपांडे और लोकेश धर भी इसके निर्माता हैं। फिल्म का संगीत शाश्वत सचदेव ने तैयार किया है।
फिल्म के कलाकारों में रणवीर सिंह एक एजेंट की भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ आर माधवन, संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे प्रमुख कलाकार भी शामिल हैं।
फिल्म 'धुरंधर' की शूटिंग देश के विभिन्न स्थानों के साथ-साथ लद्दाख में भी की गई है। यह फिल्म 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।