क्या है पृथ्वीराज की नई फिल्म 'खलीफा' की कहानी? जानें रिलीज डेट और खास बातें!
पृथ्वीराज की 'खलीफा' को मिली सेंसर की मंजूरी
मुंबई, 14 अगस्त। पृथ्वीराज सुकुमारन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'खलीफा' का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। निर्देशक वैसाख की इस रिवेंज थ्रिलर को लेकर पहले से ही काफी चर्चा हो रही है, और अब इसे केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से यू/ए 16 प्लस सर्टिफिकेट मिल गया है।
फिल्म में पृथ्वीराज मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जिसमें वह आमिर अली के किरदार को निभा रहे हैं। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर इस फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट मिलने की जानकारी साझा की।
पृथ्वीराज ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ''फिल्म 'खलीफा' को सेंसर से यू/ए 16 प्लस सर्टिफिकेट मिल चुका है। यह फिल्म 20 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।''
फिल्म के निर्माताओं ने पहले ही कई किरदारों की जानकारी साझा की है। अभिनेत्री मोहिनी नूरजहां का किरदार निभा रही हैं, जबकि कायरा वासुदेवन का नाम वैष्णवी है। अभिनेता शम्मी थिलाकन राघवन के किरदार में दिखाई देंगे।
हालांकि, इन किरदारों की भूमिका के बारे में पूरी जानकारी अभी तक नहीं दी गई है।
गौरतलब है कि 'खलीफा' की शूटिंग इस साल जून में पूरी हुई थी, जिसमें कुछ दृश्य दुबई में भी फिल्माए गए थे। फिल्म की टीम इस साल की शुरुआत में दुबई गई थी।
फिल्म का टीजर भी जारी किया गया है, जिसमें कहानी एक न्यूज बुलेटिन से शुरू होती है। इसमें बताया गया है कि पुलिस और कस्टम अधिकारियों ने मध्य पूर्व से करोड़ों डॉलर के सोने की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पता लगाया है। यह नेटवर्क लंदन, नेपाल और केरल से जुड़ा हुआ है।
टीजर में एक बुजुर्ग व्यक्ति से कस्टम अधिकारी पनिकर पूछताछ करता है, जो आमिर के बारे में जानकारी देता है और उसे गिरफ्तार करने की चेतावनी देता है।
बुजुर्ग व्यक्ति पनिकर से सवाल करता है कि क्या उसे कोफेपोसा कानून की शुरुआत के बारे में पता है। वह उत्तर भारत में सुकुर नरेन बखिया और हाजी मस्तान, और दक्षिण भारत में मुदलियार और मम्बारायक्कल अहमद अली जैसे नामों का जिक्र करता है।
वह बताता है कि आमिर अली उसी अहमद अली का पोता है और अधिकारी को चुनौती देता है कि अगर वह आमिर को पकड़ लेता है, तभी उसे असली 'फायरवर्क्स' देखने को मिलेंगे।
'खलीफा' फिल्म 20 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।