क्या है निमरत कौर की नई सीरीज 'अब होगा हिसाब' में पंजाब की लड़की का किरदार निभाने का अनुभव?
निमरत कौर का नया सफर
मुंबई, 19 जून। अभिनेत्री निमरत कौर अहलूवालिया इन दिनों अपनी आगामी सीरीज 'अब होगा हिसाब' के लिए सुर्खियों में हैं। इस सीरीज में वह एक पंजाबी लड़की का किरदार निभा रही हैं। शूटिंग के दौरान उनके अनुभव के बारे में उन्होंने खुलकर बात की।
निमरत ने कहा, ''मैं इस सीरीज में पंजाब की लड़की का रोल कर रही हूं। चूंकि मैं खुद भी पंजाबी हूं, इसलिए शूटिंग के दौरान मुझे सब कुछ बहुत परिचित लगा। पंजाब की भाषा, वहां के लोग और संस्कृति मेरे लिए नई नहीं थी। इसीलिए मुझे किरदार निभाते समय कोई दबाव नहीं महसूस हुआ और मेरा प्रदर्शन स्वाभाविक रूप से आया।''
उन्होंने आगे कहा, ''शूटिंग के पहले दिन से ही मुझे ऐसा लगा जैसे मैं किसी सेट पर नहीं, बल्कि अपने घर में हूं। आसपास का माहौल और लोगों से बातचीत ने मुझे जल्दी ही उस वातावरण में घुलने-मिलने में मदद की। मेरा मानना है कि जब कलाकार अपने माहौल से जुड़ा होता है, तो इसका असर उसके अभिनय पर साफ नजर आता है। इसी कारण मैं अपने किरदार में अधिक सहज और वास्तविक महसूस कर पाई।''
निमरत ने कहा, ''इस प्रोजेक्ट में सबसे बड़ी राहत यह थी कि मुझे किसी नई जगह या संस्कृति में खुद को ढालने की आवश्यकता नहीं पड़ी। मैं बिना किसी दबाव के सीधे किरदार की भावनाओं पर ध्यान केंद्रित कर सकी और पूरी तरह से कहानी में डूब गई।''
सीरीज की शूटिंग के अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने बताया, ''इस सफर को खास बनाने में डायरेक्टर का बड़ा योगदान रहा। उन्होंने सेट पर ऐसा माहौल बनाया जिसमें हर कलाकार सहज महसूस कर सके। खासकर जब कहानी भावनात्मक रूप से गहरी हो, तब सकारात्मक माहौल होना बहुत आवश्यक होता है।''
निमरत ने कहा, "टीम के बीच मजबूत तालमेल था। सभी एक-दूसरे के साथ मिलकर काम कर रहे थे। मेरे को-स्टार संजय कपूर के साथ काम करना भी मेरे लिए खास अनुभव रहा। वह भी पंजाबी हैं, इसलिए हमारा एक अलग ही बंधन था। शूटिंग के दौरान हमने बहुत सारी बातचीत और मजाक किया।"
अभिनेत्री ने पंजाब के स्थानीय लोगों की सराहना करते हुए कहा, "यहां के लोगों ने हमें बहुत प्यार दिया। कई बार स्थानीय परिवारों ने शूटिंग यूनिट के लिए अपने घर का बना खाना भेजा। जब लोग इस तरह से दिल से स्वागत करते हैं, तो शूटिंग टीम खुद को बाहरी नहीं, बल्कि उसी समुदाय का हिस्सा महसूस करने लगती है।"