क्या है 'नखरेवाली' का नया वर्जन? किशोर कुमार के गाने को फिर से जीवित करने की कोशिश!
आनंद एल राय का नया प्रोजेक्ट 'नखरेवाली'
मुंबई, 30 अक्टूबर। जब किसी क्लासिक गाने को नई पीढ़ी के साथ जोड़ने की कोशिश की जाती है, तो वह एक विशेष अनुभव बन जाता है। फिल्म निर्माता आनंद एल राय अपनी आगामी फिल्म 'नखरेवाली' में ऐसा ही कुछ करने जा रहे हैं। वह प्रसिद्ध गायक किशोर कुमार के लोकप्रिय गाने 'नखरेवाली' को फिर से दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे हैं।
यह गाना 1956 में रिलीज हुई फिल्म 'नई दिल्ली' का हिस्सा है और आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है। आनंद एल राय ने बताया कि जब उन्होंने 'नखरेवाली' के बारे में सोचा, तो उन्हें लगा कि यह गाना फिल्म की कहानी के लिए एकदम उपयुक्त है।
आनंद ने कहा, ''गाने के बोल, संगीत और शैली फिल्म के मूड के साथ मेल खाते हैं। इसे नए तरीके से तैयार किया गया है, लेकिन किशोर कुमार की आवाज को भी शामिल किया गया है, ताकि गाने में वही पुरानी ताजगी बनी रहे।''
उन्होंने आगे कहा, ''किशोर कुमार की आवाज में एक अनोखी खूबसूरती है, जो हमेशा के लिए यादगार रहेगी। इस गाने में गर्मजोशी और आकर्षण है, जो कई पीढ़ियों से हमारे साथ है।''
आनंद ने कहा, ''जब हमने 'नखरेवाली' के बारे में विचार किया, तो हमें लगा कि यह गाना फिल्म का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। यह पुरानी यादों को ताजा करता है, लेकिन इसमें कुछ ऐसा भी है जो कभी पुराना नहीं हो सकता। मुझे विश्वास है कि नई पीढ़ी भी इस गाने के नए संस्करण को उतना ही पसंद करेगी, जितना हमने इसके पुराने संस्करण को किया था।''
इस नए संस्करण में प्रियंकित जायसवाल की आवाज के साथ दिवंगत किशोर कुमार की पुरानी रिकॉर्डिंग भी शामिल की गई है। नए बोल वायु ने लिखे हैं, और इसका संगीत वायु और वैभव पानी ने तैयार किया है। इसमें शंकर-जयकिशन की पुरानी संगीत रचना को भी बरकरार रखा गया है।
गौरतलब है कि मूल गाना 1956 में आई फिल्म 'नई दिल्ली' का हिस्सा था, जिसे किशोर कुमार ने गाया था। इसके बोल इंदर राज आनंद और राधा किशन ने लिखे थे, और संगीत शंकर-जयकिशन ने दिया था।
इसका निर्देशन मोहन सहगल ने किया था, जिसमें वैजयंतीमाला और किशोर कुमार मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म में नाना पलसीकर, नजीर हुसैन, प्रभु दयाल, धूमल, ब्रह्म भारद्वाज, राधाकृष्ण, मुमताज बेगम, मिर्जा मुशर्रफ और शिवराज जैसे कलाकार भी शामिल थे।
फिल्म 'नई दिल्ली' की कहानी आनंद नाम के एक पंजाबी युवक और जानकी नाम की एक तमिल युवती के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते हैं, लेकिन उनके परिवार इस रिश्ते के खिलाफ होते हैं। परिवारों के बीच मतभेदों के कारण उन्हें अलग होना पड़ता है। फिल्म में प्रेम के साथ-साथ सामाजिक और पारिवारिक सोच को भी दर्शाया गया था।
वहीं, 'नखरेवाली' का निर्देशन राहुल शांकल्या ने किया है, जिसमें नए कलाकार अंश दुग्गल और प्रगति श्रीवास्तव मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण जियो स्टूडियोज और कलर येलो ने मिलकर किया है।