क्या है टी-सीरीज़ का बड़ा सौदा 'रामायण' फिल्म के म्यूजिक राइट्स के लिए?
टी-सीरीज़ ने 'रामायण' के म्यूजिक राइट्स खरीदे
मुंबई, 29 जुलाई (वेब वार्ता)। नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' ने रिलीज से पहले ही काफी चर्चा बटोरी है। हाल ही में इस फिल्म से जुड़ी एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। खबरों के अनुसार, टी-सीरीज़ ने फिल्म के दोनों भागों के म्यूजिक राइट्स अपने नाम कर लिए हैं। यह सौदा 75 करोड़ रुपये की एडवांस डील के तहत हुआ है, जो कि रिफंडेबल एडवांस के रूप में तय की गई है, जिससे यह समझौता और भी खास बनता है।
सूत्रों के अनुसार, 'रामायण' के म्यूजिक राइट्स के लिए कई प्रमुख म्यूजिक कंपनियों ने बोली लगाई थी, लेकिन अंततः टी-सीरीज़ ने इसे अपने नाम किया। कंपनी के एक करीबी सूत्र ने बताया कि भूषण कुमार और उनकी टीम को फिल्म के संगीत की अपार संभावनाओं पर पूरा विश्वास है। यह 75 करोड़ रुपये की राशि फिल्म के दोनों भागों के संगीत अधिकारों के लिए दी गई है, जो भारतीय संगीत उद्योग में सबसे बड़े म्यूजिक राइट्स सौदों में से एक मानी जा रही है।
निर्माताओं को फिल्म के संगीत से भी काफी उम्मीदें हैं, क्योंकि इसमें पहली बार ऑस्कर विजेता संगीतकार ए. आर. रहमान और हैंस ज़िमर एक साथ काम कर रहे हैं। नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म दो भागों में बनाई जा रही है, जिसका पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगा।