☰
×

क्या है इमरान हाशमी की फिल्म 'गनमास्टर जी9' में बप्पी दा का जादू? जानें पूरी कहानी!

इमरान हाशमी की नई फिल्म 'गनमास्टर जी9' में बप्पी लाहिड़ी के प्रसिद्ध गाने 'मौसम है गाने का' को एक नए अंदाज में पेश किया गया है। निर्देशक आदित्य दत्त ने बताया कि उनका उद्देश्य इस गाने को सम्मान देना है, न कि उसकी जगह लेना। फिल्म के निर्माता दीपक मुकुट ने भी बप्पी दा की संगीत विरासत का जश्न मनाने की बात की है। जानें इस गाने और फिल्म के बारे में और क्या खास है!
 

बप्पी लाहिड़ी के संगीत का नया अवतार




मुंबई, 19 नवंबर। अभिनेता इमरान हाशमी की आगामी फिल्म 'गनमास्टर जी9' के निर्माताओं ने प्रसिद्ध संगीतकार बप्पी लाहिड़ी के लोकप्रिय गाने 'मौसम है गाने का' को एक नए अंदाज में प्रस्तुत किया है। इस फिल्म के प्रमोशनल टाइटल ट्रैक के लिए इस क्लासिक गाने को रीक्रिएट किया गया है।


निर्देशक आदित्य दत्त ने बताया कि बप्पी लाहिड़ी के संगीत की एक अनोखी पहचान और ऊर्जा है, जिसे दोहराना असंभव है। उनका उद्देश्य मूल गाने की जगह लेने का नहीं, बल्कि उसे सम्मानित करने का था।


आदित्य दत्त ने कहा, ''बप्पी दा के संगीत की अपनी एक खास पहचान है, जिसे दोहराना मुमकिन नहीं है। 'गनमास्टर जी9' के प्रमोशनल टाइटल ट्रैक को तैयार करते समय हमारा मकसद कभी भी मूल गाने से मुकाबला करना या उसकी जगह लेना नहीं था। हम बस ऐसी धुन को सम्मान देना चाहते थे, जिससे लोगों की कई यादें जुड़ी हैं। हमने इसे आज के दर्शकों से जोड़ने के लिए नया म्यूजिकल ट्रीटमेंट दिया है। हमारे लिए बप्पी दा के संगीत की विरासत का सम्मान करना बेहद जरूरी था।''


मूल गाना 'मौसम है गाने का' 1979 में आई स्पाई थ्रिलर फिल्म 'सुरक्षा' का हिस्सा था। इस गाने को रविकांत नागाइच ने निर्देशित किया था और यह अपने समय में बेहद लोकप्रिय हुआ। इसके नए संस्करण का संगीत विक्रम मोंट्रोस ने तैयार किया है, जिन्होंने गाने का म्यूजिक प्रोडक्शन, अरेंजमेंट और साउंड डिजाइन भी किया है।


फिल्म के निर्माता दीपक मुकुट ने कहा, ''बप्पी दा ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार गाने दिए हैं और उनका संगीत आज भी हर पीढ़ी के लोगों को पसंद आता है। 'गनमास्टर जी9' के जरिए उनके एक पुराने गाने को नए रूप में पेश करना उनकी संगीत विरासत का जश्न मनाने जैसा है। हम जानते हैं कि इतने मशहूर संगीतकार से जुड़े गाने को नए अंदाज में पेश करने की अपनी जिम्मेदारी होती है। यह हमारी तरफ से एक छोटी-सी श्रद्धांजलि है। उम्मीद है कि दर्शक इस नए वर्जन को पसंद करेंगे और मूल गाने को भी पहले की तरह प्यार देते रहेंगे।''


'गनमास्टर जी9' का टाइटल ट्रैक रिलीज हो चुका है और इसे सारेगामा म्यूजिक के साथ-साथ विभिन्न म्यूजिक प्लेटफॉर्म पर सुना जा सकता है।


आदित्य दत्त के निर्देशन में बनी इस एक्शन-रोमांस फिल्म में इमरान हाशमी के साथ जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना भी नजर आएंगे। फिल्म में अभिषेक सिंह भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। दीपक मुकुट, हुनर मुकुट और संगीता अहीर इस फिल्म के निर्माता हैं, जबकि सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड इसे प्रस्तुत कर रहा है।


'गनमास्टर जी9' 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।