क्या है अल्लू अर्जुन के खिलाफ संध्या थिएटर भगदड़ मामला? जानें पूरी कहानी
अल्लू अर्जुन को समन: संध्या थिएटर भगदड़ की घटना
हैदराबाद, 19 जून। नामपल्ली क्रिमिनल कोर्ट ने टॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता अल्लू अर्जुन को संध्या थिएटर भगदड़ मामले में 22 जून को अदालत में पेश होने का आदेश दिया है।
यह मामला 4 दिसंबर 2024 का है, जब 'पुष्पा 2: द रूल' के प्रीमियर के दौरान हैदराबाद के संध्या थिएटर में भारी भीड़ इकट्ठा हो गई थी। अचानक भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हुई, जिसमें एक महिला की जान चली गई और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना ने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए गए।
इस मामले में कुल 23 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिसमें अल्लू अर्जुन को आरोपी नंबर 11 के रूप में शामिल किया गया है। अब तक 19 आरोपियों को अदालत में पेश होने के लिए समन भेजा जा चुका है।
जांच के दौरान, पुलिस ने थिएटर प्रबंधन से जुड़े पहले 10 लोगों को आरोपी बनाया और अभिनेता की सुरक्षा में तैनात 8 बाउंसरों को भी इस मामले में शामिल किया।
कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि सभी आरोपियों के अदालत में पेश होने के बाद इस मामले का औपचारिक ट्रायल शुरू होगा।
4 दिसंबर 2024 को अल्लू अर्जुन प्रीमियर शो में शामिल होने के लिए संध्या थिएटर पहुंचे थे। उनकी उपस्थिति की खबर फैलते ही, थिएटर के बाहर और अंदर भारी भीड़ जुट गई। भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की गई, लेकिन स्थिति बिगड़ गई और भगदड़ मच गई। इस दौरान एम. रेवती नाम की महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ।
पुलिस ने इस मामले में गंभीर धाराएं लगाई हैं, जिनमें गैर इरादतन हत्या भी शामिल है। पुलिस का आरोप है कि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
घटना के बाद, अल्लू अर्जुन को 13 दिसंबर 2024 को गिरफ्तार किया गया और उन्हें नामपल्ली कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। हालांकि, उसी दिन उनके वकीलों ने हाईकोर्ट का रुख किया और उन्हें अंतरिम जमानत मिल गई। अगले दिन उन्हें जेल से रिहा कर दिया गया। बाद में उन्हें नियमित जमानत भी मिल गई।
जांच के दौरान, 24 दिसंबर को पुलिस ने अल्लू अर्जुन से लगभग तीन घंटे तक पूछताछ की, जो सीसीटीवी फुटेज और पुलिस द्वारा तैयार किए गए वीडियो के आधार पर की गई थी।
पुलिस ने इस मामले में कुल 23 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।