क्या सरगुन मेहता सच में प्रेग्नेंट हैं? अभिनेत्री ने अफवाहों पर लगाई रोक!
सरगुन मेहता ने प्रेग्नेंसी की अफवाहों का किया खंडन
मुंबई, 21 फरवरी। सोशल मीडिया पर अक्सर सेलेब्रिटीज की निजी जिंदगी को लेकर बिना किसी ठोस आधार के अफवाहें उड़ाई जाती हैं, जो उनके लिए परेशानी का कारण बन जाती हैं। हाल ही में, टीवी और पंजाबी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री सरगुन मेहता और उनके पति रवि दुबे के साथ भी ऐसा ही हुआ।
पिछले कुछ समय से यह चर्चा चल रही थी कि सरगुन मेहता गर्भवती हैं। इस खबर ने उनके फैंस में उत्साह पैदा किया, लेकिन इस कपल ने इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया।
हालांकि, शनिवार को सरगुन ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के माध्यम से इन अफवाहों पर विराम लगा दिया। उन्होंने एक नोट साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा, "अफवाह फैलाने वालों को तो पिछले 2 साल से मेरी 'प्रेग्नेंसी' के बारे में मुझसे पहले ही सब पता चल जाता है। उनके अनुसार मैं पिछले 2 साल से प्रेग्नेंट हूं। भला, इतनी लंबी प्रेग्नेंसी किसी की होती भी है क्या?"
उन्होंने आगे लिखा, "कृपया शांत रहें और बिना किसी आधार के खबरें फैलाना बंद करें। कोई भी जानकारी साझा करने से पहले हमसे या हमारी टीम से एक बार पूछ लेना ज्यादा मुश्किल नहीं है, ताकि सही जानकारी सामने आ सके।"
सरगुन ने अपने नोट में यह भी कहा, "आपको ऐसी प्रेग्नेंसी के बारे में कैसे पता चल गया, जिसके बारे में मुझे और रवि को ही कोई जानकारी नहीं है? कृपया ऐसी अफवाहें फैलाना बंद करें।"
उनके इस पोस्ट के बाद कई यूजर्स और दोस्तों ने प्रतिक्रिया दी। अभिनेत्री गौहर खान ने कमेंट में हाथ जोड़कर प्रतिक्रिया दी, जबकि सरगुन के पति रवि दुबे ने लिखा, "क्या कैप्शन है।"
सेलेब्स को अक्सर अपनी निजी जिंदगी के बारे में इस तरह की झूठी खबरों का सामना करना पड़ता है। इससे पहले भी कई सेलेब्स इस तरह की अफवाहों का शिकार हो चुके हैं। उदाहरण के लिए, अभिनेत्री रीम शेख की शादी की खबरें भी उड़ी थीं।