क्या सनी देओल की फिल्म 'सूर्या' को मिल सकता है कोर्ट से झटका? जानें विवाद की वजह!
फिल्म 'सूर्या' पर उठे विवाद के बाद हाईकोर्ट का फैसला
नई दिल्ली, 4 नवंबर। सनी देओल की आगामी फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' रिलीज से पहले ही विवादों में फंस गई है। फिल्म के टीजर और ट्रेलर में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति दिखाई गई हिंसा पर कुछ चिकित्सकों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि इस तरह के दृश्य मेडिकल समुदाय की छवि को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी आधार पर दिल्ली हाईकोर्ट में फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने के लिए एक जनहित याचिका दायर की गई थी। हालांकि, अदालत ने इस याचिका पर सुनवाई करते हुए फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है।
याचिकाकर्ता ने अदालत में तर्क दिया कि फिल्म के टीजर में स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ हिंसा को दर्शाया गया है। वकील ने कहा कि डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं, और ऐसे में इस तरह के दृश्य चिंता का विषय हैं। उन्होंने डॉक्टरों की सुरक्षा और उनकी सामाजिक छवि को लेकर भी चिंता व्यक्त की।
अदालत ने याचिका पर कोई रोक लगाने का आदेश नहीं दिया और कहा कि उन्हें इस जनहित याचिका पर विचार करने का कोई उचित कारण नहीं दिखता। हालांकि, कोर्ट ने याचिकाकर्ता को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के समक्ष अपना पक्ष रखने की अनुमति दी।
सुनवाई के बाद याचिकाकर्ता डॉ. नचिकेत भाटिया ने मीडिया से बातचीत में कहा, ''हमारी मांग है कि फिल्म में ऐसे दृश्य और संवादों में बदलाव किया जाए, जो मेडिकल समुदाय की छवि को नुकसान पहुंचा सकते हैं। टीजर में सनी देओल डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को बुरी तरह पीटते हुए नजर आते हैं। एक संवाद में सनी देओल कहते हैं- 'डॉक्टर प्रिस्क्रिप्शन नहीं, कमीशन लिखते हैं'... इससे डॉक्टरों पर बेवजह आरोप लगाया गया है। हमारी चिंता है कि इससे डॉक्टरों और मरीजों के बीच का विश्वास प्रभावित हो सकता है।''
उन्होंने आगे कहा, ''टीजर में कहानी को 'अनबिलीवेबल ट्रू इवेंट्स' यानी अविश्वसनीय सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताया गया है। ऐसे में दर्शक फिल्म में दिखाई गई बातों को वास्तविक स्वास्थ्य व्यवस्था से जोड़ सकते हैं। हमने मांग की है कि फिल्म और उसके प्रमोशनल कंटेंट की जांच हो, आपत्तिजनक हिस्सों में बदलाव किए जाएं और यह स्पष्ट किया जाए कि कहानी काल्पनिक है।''
फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' का निर्देशन एम. पद्मकुमार ने किया है और इसमें सनी देओल मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।