क्या संजय कपूर की संपत्ति पर छिड़ेगा नया विवाद? प्रिया सचदेवा ने सुप्रीम कोर्ट में दायर की याचिका
सुप्रीम कोर्ट में प्रिया सचदेवा की याचिका
नई दिल्ली, 15 जनवरी। प्रसिद्ध व्यवसायी संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेवा ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की है, जिसमें उन्होंने अभिनेत्री करिश्मा कपूर और संजय कपूर के तलाक से संबंधित सभी दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां मांगी हैं। इस याचिका पर सुनवाई शुक्रवार को होगी।
प्रिया ने अपनी याचिका में अनुरोध किया है कि उन्हें तलाक याचिका के सभी दस्तावेज, कोर्ट में प्रस्तुत सभी कागजात, सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी आदेश और विशेष रूप से दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराई जाएं।
इस मामले पर जस्टिस एएस चंदूरकर की चेंबर बेंच विचार करेगी कि प्रिया कपूर को ये गोपनीय दस्तावेज दिए जाएं या नहीं। प्रिया ने सुप्रीम कोर्ट में दायर आवेदन में सभी दस्तावेजों की मांग की है, जिसमें तलाक याचिका, कोर्ट में दाखिल दस्तावेज, सुप्रीम कोर्ट का आदेश और समझौते की प्रमाणित प्रतियां शामिल हैं।
यह मामला इसलिए चर्चा में है क्योंकि संजय कपूर का निधन 2025 में हुआ था। उनकी मृत्यु के बाद संपत्ति को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। करिश्मा के बच्चों ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर कर संजय की वसीयत पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि वसीयत में हेराफेरी की गई है और प्रिया ने संपत्ति अपने नाम करने का प्रयास किया है।
गौरतलब है कि संजय कपूर की तीन शादियाँ हुई थीं। उन्होंने पहली शादी फैशन डिजाइनर नंदिता महतानी से की थी, जो चार साल तक चली। इसके बाद, उन्होंने अभिनेत्री करिश्मा कपूर से शादी की, जिससे उनके दो बच्चे, समायरा और कियान हैं। 2014 में करिश्मा और संजय ने आपसी सहमति से तलाक के लिए अर्जी दी, और 2016 में उनका तलाक हो गया। संजय ने प्रिया सचदेवा से तीसरी शादी की, और उनके एक बेटे, अजारियस हैं। इसके अलावा, संजय ने सफीरा चटवाल को गोद लिया था, जो प्रिया सचदेवा कपूर के पहले पति विक्रम चटवाल की बेटी हैं। संजय कपूर की मृत्यु के बाद उनकी संपत्ति को लेकर विवाद शुरू हो गया है।
--News Media
एनएस/डीकेपी