क्या वामिका गब्बी ने अपने आइकॉन माधुरी दीक्षित से मिलकर किया जादुई पल साझा?
वामिका गब्बी का सपना हुआ सच
मुंबई, 16 जुलाई। बॉलीवुड की उभरती हुई अभिनेत्री वामिका गब्बी ने हाल ही में अपने बचपन की आइकॉन माधुरी दीक्षित से मुलाकात की, जो उनके लिए एक सपने के सच होने जैसा था। इस खास पल का वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया।
वामिका ने बताया कि वह 13 साल की उम्र से माधुरी की बड़ी प्रशंसक रही हैं और उनसे मिलने की ख्वाहिश उनके दिल में लंबे समय से थी। जब यह सपना पूरा हुआ, तो उनकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा।
वीडियो की शुरुआत में वामिका, माधुरी दीक्षित के प्रसिद्ध गाने 'धक-धक' के आइकॉनिक स्टेप को करती नजर आती हैं। तभी माधुरी पीछे से आती हैं और उन्हें प्यार से गले लगाती हैं। अपने सामने अपने बचपन की आइकॉन को देखकर वामिका भावुक हो जाती हैं और उन्हें कसकर गले लगाती हैं।
इस वीडियो में वामिका ने नीले रंग का एथनिक आउटफिट पहना हुआ था, जिसमें वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं, जबकि माधुरी दीक्षित गुलाबी साड़ी में हमेशा की तरह आकर्षक नजर आईं। वीडियो में माधुरी, वामिका से उनकी हालचाल भी पूछती हैं।
वामिका ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, "मेरे करीबी दोस्त जानते हैं कि 13 साल की उम्र की वामिका के लिए यह पल कितना जादुई था। आखिरकार मेरी मुलाकात 'द' माधुरी दीक्षित से हुई। मैंने उन्हें अपने माता-पिता से भी मिलवाया और अपने बचपन के कई किस्से सुनाए, ताकि उन्हें पता चल सके कि वे मेरे जीवन का कितना खूबसूरत हिस्सा रही हैं।"
वामिका गब्बी ने अपने करियर की शुरुआत बहुत कम उम्र में की थी। उन्होंने 2007 में इम्तियाज अली की हिट फिल्म 'जब वी मेट' से बॉलीवुड में कदम रखा। हालांकि उनका किरदार छोटा था, लेकिन यहीं से उनके अभिनय करियर की शुरुआत हुई। इसके बाद उन्होंने 'लव आज कल', 'मौसम' और 'बिट्टू बॉस' जैसी फिल्मों में काम किया और धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई।
बॉलीवुड के अलावा, वामिका ने पंजाबी और मलयालम सिनेमा में भी अपनी छाप छोड़ी है। पंजाबी फिल्म 'तू मेरा 22 मैं तेरा 22' और मलयालम फिल्म 'गोधा' में उनके अभिनय को काफी सराहा गया। हाल ही में, वह फिल्म 'पति पत्नी और वो दो' में भी नजर आई थीं।