×

क्या राघव जुयाल हैं असली 'मोगली'? निक्की वालिया ने किया खुलासा!

राघव जुयाल, जो अपनी कॉमिक टाइमिंग और डांस के लिए जाने जाते हैं, ने निक्की वालिया के साथ अपनी आगामी फिल्म 'भाई तेरा स्टार है' में काम किया है। निक्की ने राघव की तुलना 'मोगली' से की है और उनके साथ काम करने के अनुभव को बेहद मजेदार बताया। फिल्म में अन्य कलाकारों के साथ राघव और निक्की की दोस्ती की कहानी भी दिलचस्प है। जानें इस फिल्म के बारे में और क्या खास है राघव जुयाल में!
 

राघव जुयाल की कॉमिक टाइमिंग पर निक्की वालिया की राय

मुंबई, 17 जुलाई। अभिनेता राघव जुयाल अपनी अद्भुत कॉमिक टाइमिंग और चुलबुले व्यक्तित्व के लिए जाने जाते हैं। उनकी हास्य शैली और खासकर स्लो-मोशन डांस से दर्शक हमेशा प्रभावित होते हैं। हाल ही में, उनकी सह-कलाकार निक्की वालिया ने उन्हें 'मोगली' की उपमा दी।

दरअसल, निक्की वालिया आगामी कॉमेडी ड्रामा फिल्म 'भाई तेरा स्टार है' में 'मैंडी' नाम की एक आत्मविश्वासी पंजाबी महिला का किरदार निभा रही हैं, जो लंदन में रहती हैं।

राघव के साथ काम करने के अपने अनुभव को साझा करते हुए, निक्की ने कहा कि उनके साथ काम करना बेहद मजेदार था। उन्होंने कहा, "मैं राघव को 'डांस इंडिया डांस' के दिनों से पसंद करती हूं। पहले वे एक डांसर के रूप में पसंद आए, फिर एंकर और अब एक अभिनेता के रूप में। राघव की सबसे अच्छी बात यह है कि वे हमेशा नए रूप में आते हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "जब मैंने उनकी सीरीज 'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' देखी, तो मैंने उनसे मिलने का मन बनाया। मैंने उन्हें गले लगाया और कहा कि वह पूरी सीरीज में सबसे बेहतरीन अभिनेता थे। इसके बाद मुझे उनके साथ फिल्म में काम करने का मौका मिला, जो मेरे लिए एक अद्भुत अनुभव था।"

निक्की ने बताया कि राघव एक मिलनसार व्यक्ति हैं, और उनसे मिलने पर ऐसा लगता है जैसे आप उन्हें पहले से जानते हैं। उन्होंने कहा, "हमारी कॉमन दोस्त गीता मां हैं, जिनका राघव बहुत सम्मान करते हैं। हमारी बातचीत में गीता मां का जिक्र हुआ, जिससे हमारा तालमेल और भी बेहतर हो गया।"

अभिनेत्री ने कहा कि शूटिंग के बाद भी उनकी दोस्ती बनी हुई है। उन्होंने कहा, "हम सेट के बाहर भी समय बिताते थे, डिनर करते थे और बातें करते थे। राघव बहुत उदार हैं। मैं हमेशा कहती हूं कि वे मोगली जैसे हैं। आजकल ऐसे सच्चे लोग मिलना मुश्किल है, और यही उन्हें खास बनाता है।"

'भाई तेरा स्टार है' में राघव और निक्की के अलावा संजय कपूर, बरखा सिंह, निहारिका एनएम और चंदन रॉय सान्याल भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।

इस फिल्म का निर्देशन विवेक बी. अग्रवाल ने किया है, जबकि इसकी कहानी सुदीप्तो सरकार और विवेक बी. अग्रवाल ने लिखी है। इसे अवंतिका हरि, सुनील रूपानी और विवेक बी. अग्रवाल ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म 30 जुलाई को रिलीज होने वाली है।