क्या ऋषभ साहनी ने अमिताभ बच्चन से मिलकर अपनी जिंदगी का सपना पूरा किया?
ऋषभ साहनी की अमिताभ बच्चन से खास मुलाकात
मुंबई, 28 नवंबर। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन से मिलने का अवसर पाकर अभिनेता ऋषभ साहनी इन दिनों सुर्खियों में हैं। फिल्म इंडस्ट्री में अपने करियर की नई शुरुआत कर रहे ऋषभ के लिए यह मुलाकात किसी सपने के सच होने जैसी है। वह पहले ही कई बार कह चुके हैं कि अमिताभ बच्चन उनके लिए सबसे बड़े प्रेरणास्त्रोत हैं।
जब उन्हें अपने आदर्श से मिलने का मौका मिला, तो यह उनके लिए एक बेहद भावुक और अविस्मरणीय क्षण बन गया।
ऋषभ ने इस अनुभव को केवल एक साधारण मुलाकात नहीं, बल्कि जीवनभर याद रखने योग्य उपलब्धि बताया।
इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा करते हुए ऋषभ ने कहा कि अमिताभ बच्चन से मिलना उनके जीवन के सबसे अद्भुत अनुभवों में से एक था।
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ''अमिताभ की उपस्थिति, उनकी ऊर्जा और काम के प्रति जुनून देखना बेहद प्रेरणादायक था। उनसे मिलकर बात करना ऐसा था, जैसे किसी जादुई पल का हिस्सा बन जाना। इस बातचीत ने मुझे और मेहनत करने की प्रेरणा दी।''
ऋषभ ने अपने बचपन का एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने कहा, ''मैं बचपन से अमिताभ बच्चन का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं और फिल्म 'शोले' को मैंने 150 बार से अधिक देखा है। हमारे घर में यह फिल्म इतनी बार चलती है कि उसके डायलॉग भी हमें याद हो गए हैं। मैं हमेशा से बिग बी को यह बताना चाहता था, और जब मैंने आखिरकार उनके सामने यह कहा, तो ऐसा लगा कि मेरी जिंदगी की एक बड़ी इच्छा पूरी हो गई। यह मेरे 'बकेट लिस्ट' का एक खास पल था।''
तस्वीरों में ऋषभ और अमिताभ बच्चन मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं। उनके इस पोस्ट को फैंस ने काफी सराहा है और इस खास मुलाकात पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। ऋषभ ने आगे लिखा कि यह दिन, यह पल और अमिताभ के साथ हुई बातचीत वह हमेशा याद रखेंगे।