क्या आपने सुना? अमिताभ बच्चन की फिल्म 'मृत्युदाता' ने एक कंटेस्टेंट को कैसे किया था सोने पर मजबूर!
कौन बनेगा करोड़पति में दिलचस्प किस्सा
मुंबई, 30 सितंबर। मेगास्टार अमिताभ बच्चन वर्तमान में क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के 18वें सीजन की मेज़बानी कर रहे हैं। इस शो में विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभागी आते हैं और खेल के दौरान अपने जीवन के अनुभव साझा करते हैं।
हाल ही में, जयपुर की एक प्रतियोगी अल्मास खान ने बिग बी को अपने बचपन की एक मजेदार कहानी सुनाई। उन्होंने बताया कि उन्होंने अमिताभ की फिल्म 'मृत्युदाता' देखने के लिए टिकट खरीदी थी, लेकिन फिल्म देखते-देखते वह सो गईं और जब उनकी आंख खुली, तो फिल्म खत्म हो चुकी थी।
अल्मास ने कहा, ''मैं आपसे एक किस्सा साझा करना चाहती हूं। जयपुर में राज मंदिर नाम का एक खूबसूरत थिएटर है, जहां कई बड़ी फिल्में रिलीज होती हैं। जब मैं छोटी थी, तब मैंने अपने सभी कजिन्स के साथ आपकी फिल्म 'मृत्युदाता' देखी थी।''
उन्होंने आगे कहा, ''वो मेरी पहली फिल्म थी, जिसे मैंने थिएटर में देखा। फिल्म शुरू हुई, लेकिन सच बताऊं, मुझे समझ नहीं आई। जगह इतनी सुंदर थी और एसी चल रहा था, इसलिए मैं सो गई। जब मेरी आंख खुली, तो फिल्म खत्म हो चुकी थी और आपका गाना चल रहा था। लेकिन, मैंने आपकी फिल्म देखी थी।''
अल्मास की इस कहानी को सुनकर अमिताभ बच्चन हंस पड़े और मजाक में पूछा, ''आपने सोते-सोते फिल्म कैसे देखी? जब आप उठीं, तो पिक्चर तो खत्म हो गई थी न?''
गौरतलब है कि 'मृत्युदाता' 1997 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म का निर्देशन मेहुल कुमार ने किया था और यह अमिताभ बच्चन की लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी थी। फिल्म में उन्होंने डॉ. राम प्रसाद का किरदार निभाया था, जो एक प्रतिष्ठित सर्जन है। इस फिल्म में डिंपल कपाड़िया, करिश्मा कपूर और अरबाज अली खान भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में थे।
'मृत्युदाता' का निर्माण अमिताभ बच्चन की होम प्रोडक्शन कंपनी एबीसीएल ने किया था। फिल्म का संगीत आनंद-मिलिंद ने तैयार किया था, जिसमें 'ना ना ना ना रे' गाना काफी लोकप्रिय हुआ था, जिसे दलेर मेहंदी ने गाया था।